पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के सियासी दंगल में एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने अचानक अपना नाम वापस ले लिया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के तुरंत बाद भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी का नया उम्मीदवार घोषित कर दिया है।

पारिवारिक कारणों से अभिषेक कुमार बंटी ने पीछे खींचे कदम इससे पहले भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक आपातकालीन प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक कुमार बंटी ने खुद अपने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने मीडिया के सामने स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह से निजी और पारिवारिक कारणों से यह कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसी पारिवारिक परिस्थितियां बन गई हैं, जिनके कारण वे इस समय चुनाव लड़ने में असमर्थ हैं। इस फैसले के बाद पार्टी के भीतर नए चेहरे को लेकर मंथन शुरू हुआ।
केंद्रीय चुनाव समिति की मुहर और नया चेहरा अभिषेक कुमार बंटी के नाम वापस लेते ही दिल्ली स्थित भाजपा केंद्रीय कार्यालय से राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई। इसमें बताया गया कि दिनांक 07.07.2026 को घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार के स्थान पर अब बिहार की 182-बांकीपुर विधानसभा सीट से नीरज कुमार सिन्हा भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशी होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से की मुलाकात पार्टी द्वारा बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किए जाने के तुरंत बाद नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने सीधे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच आगामी चुनाव की रणनीति और क्षेत्र के समीकरणों को लेकर गंभीर चर्चा हुई। संजय सरावगी ने नए उम्मीदवार को जीत का मंत्र दिया और पूरी ताकत से चुनाव में जुट जाने का निर्देश दिया।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में जोरदार स्वागत उम्मीदवार घोषित होने के बाद जैसे ही नीरज कुमार सिन्हा भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, वहां मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। नेताओं ने उन्हें फूलों का हार पहनाया और मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस मौके पर नीरज कुमार सिन्हा ने केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे पार्टी के भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरेंगे और बांकीपुर की जनता के विश्वास को जीतेंगे।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

