बेतिया में बड़ी कार्रवाई: 15,000 की घूस लेते रंगे हाथ धराया डेटा एंट्री ऑपरेटर  राज कुमार मिश्र  

जमाबंदी का लॉक खोलने के एवज में मांग रहा था रिश्वत, पटना से पहुंची टीम ने बिछाया जाल

बेतिया/पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ नीतीश सरकार के ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार, 16 जून 2026 को पटना से आई निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने बेतिया अंचल कार्यालय में छापेमारी कर डेटा एंट्री ऑपरेटर राज कुमार मिश्र को 15,000 रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। इस अचानक हुई कार्रवाई से अंचल कार्यालय और पूरे जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

निगरानी के शिकंजे में घूसखोर: बेतिया अंचल कार्यालय से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार डेटा एंट्री ऑपरेटर राज कुमार मिश्र (लाल घेरे में) निगरानी ब्यूरो के पुलिसकर्मियों की गिरफ्त में।

ताला खोलने के नाम पर मांग रहा था मोटी रकम

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई एक पीड़ित की शिकायत पर की गई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरवत पससाईन (बेतिया, पश्चिम चम्पारण) के रहने वाले बालेश्वर कुमार (पिता: कृपा नारायण महतो) ने पटना स्थित निगरानी ब्यूरो के कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। बालेश्वर कुमार का आरोप था कि उनकी जमीन की जमाबंदी लॉक थी, जिसे खोलने के एवज में डेटा एंट्री ऑपरेटर राज कुमार मिश्र द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। बिना पैसे दिए काम करने से साफ मना किया जा रहा था।

निगरानी ने बिछाया जाल, रंगे हाथों दबोचा

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले को गंभीरता से लिया और गुप्त रूप से इसका सत्यापन कराया। जांच में ऑपरेटर द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण सही पाया गया। इसके बाद 15 जून 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 073/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की कमान पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद को सौंपी गई। उनके नेतृत्व में एक विशेष धावा दल (रेडिंग टीम) का गठन किया गया। मंगलवार को जैसे ही परिवादी बालेश्वर कुमार ने अंचल कार्यालय बेतिया में राज कुमार मिश्र को केमिकल लगे 15,000 रुपये थमाए, वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी निगरानी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। टीम ने उसके पास से घूस की रकम बरामद कर ली है।

मुजफ्फरपुर कोर्ट में होगी पेशी

निगरानी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी डेटा एंट्री ऑपरेटर राज कुमार मिश्र से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को मुजफ्फरपुर स्थित माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी) में पेश किया जाएगा। विभाग ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here