सकरा में बेखौफ बदमाशों का तांडव: सिहो चौक पर बंदूक की नोक पर ज्वेलरी दुकान से गहने लूटे, इलाके में दहशत!

सिहो चौक पर दिनदहाड़े वारदात से मची सनसनी, दुकान में ग्राहक बनकर घुसे थे हथियारबंद दो शातिर अपराधी

सकरा (मुजफ्फरपुर): सकरा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस और कानून का कोई खौफ नहीं रहा। मंगलवार की दोपहर सकरा थाना क्षेत्र के व्यस्ततम सिहो चौक पर दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। बदमाशों ने सिहो चौक स्थित गणपति लक्ष्मी ज्वेलर्स में धावा बोलकर बंदूक की नोक पर लगभग 2.5 से 3 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए और आराम से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश एवं दहशत का माहौल है।

सकरा के सिहो चौक स्थित घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन करती पुलिस टीम और जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।

ग्राहक बनकर आए और तान दी पिस्तौल

मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:00 बजे दो अज्ञात बदमाश आम खरीदार बनकर ‘गणपति लक्ष्मी ज्वेलर्स’ की दुकान में दाखिल हुए। दुकान पर पहुंचते ही बदमाशों ने दुकानदार से सोने की नथिया, कान की बाली और अंगूठी दिखाने को कहा। दुकानदार बदमाशों को असली ग्राहक समझकर जेवर दिखाने लगा और जैसे ही उसने जेवर का डिब्बा काउंटर पर रखा, तभी एक बदमाश ने अचानक अपनी कमर से पिस्तौल निकाल ली। बदमाश ने दुकानदार को जान से मारने की धमकी देकर हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद दोनों अपराधी पलक झपकते ही दुकान में रखे लगभग 2.5 से 3 लाख रुपये के कीमती आभूषण समेटकर मौके से फरार हो गए।

सीसीटीव (CCTV) फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बल-बूते के साथ सिहो चौक पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीव (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके और उनके भागने की दिशा का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारी का बयान

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ), पूर्वी-02, मुजफ्फरपुर मनोज कुमार सिंह ने घटनास्थल और पुलिस कार्रवाई का जायजा लिया। प्रेस और मीडिया को जानकारी देते हुए मनोज कुमार सिंह ने बताया:

“गणपति लक्ष्मी ज्वेलर्स नाम की दुकान है, जहाँ दो अपराधी आज करीब 1:00 बजे के आसपास दोपहर में आए थे। उन्होंने दुकानदार से नथिया, कान का बाली, अँगूठी ये सब दिखाने के लिए माँगा। जैसे ही दुकानदार ने सामान ला करके उन लोगों को देखने के लिए दिया, वैसे ही दूसरे अपराधी ने पिस्टल निकाला और धमकाते हुए वो गहना लेकर के फरार हो गए। गहना लगभग 2.5 से 3 लाख रुपये का बताया जा रहा है। हम लोग लगातार अनुसंधान और कार्रवाई कर रहे हैं।”

पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लूटे गए सामान की बरामदगी की जाएगी। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here