शेखपुरा: जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधौली बायपास स्थित विनायक हार्डवेयर की दुकान और उसके पिछले हिस्से में चल रही एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने बड़ा उद्भेदन किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अर्द्धनिर्मित हथियार, हथियार निर्माण में प्रयुक्त लेथ मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। साथ ही, मौके से भागने का प्रयास कर रहे एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

हार्डवेयर की आड़ में चल रहा था अवैध हथियारों का कारोबार
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बुधौली बायपास स्थित विनायक हार्डवेयर नामक मकान और दुकान में अवैध रूप से हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीआईयू टीम, तकनीकी शाखा और शेखपुरा थाना की एक संयुक्त पुलिस टीम का गठन किया गया।

टीम ने जब मौके पर पहुंचकर विधिवत तलाशी ली, तो दुकान के पीछे बने कमरे में लेथ मशीन और मुंगेर शैली (कंट्रीमेड पिस्टल) के अवैध हथियार बनते हुए मिले। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से तुरंत दबोच लिया गया।

मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ शेखपुरा डा. राकेश कुमार ने बताया कि आरक्षी अधीक्षक के निर्देशानुसार लगातार आसूचना संकलन किया जा रहा था।
“सुचना के सत्यापन हेतु जब हमारी टीम मौके पर पहुँची, तो कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। बिनायक हार्डवेयर दुकान के पीछे बने कमरे में लेथ मशीन लगाकर अवैध रूप से कंट्रीमेड पिस्टल और आर्म्स पार्ट्स का निर्माण किया जा रहा था। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी पिछले दो-तीन महीनों से ऐसा कर रहा था और पूर्व में भी एक-दो अपराधियों को हथियार बेच चुका है। पुलिस इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेजों पर काम कर रही है। फिलहाल प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।”— डा. राकेश कुमार, एसडीपीओ, शेखपुरा

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


