मुजफ्फरपुर: जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है. सस्ते और आधे दाम पर सोलर प्लेट व अन्य सामग्री उपलब्ध कराने का प्रलोभन देकर कुल 50 लाख रुपये की भारी-भरकम साइबर ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को पुलिस ने गया जिला से गिरफ्तार कर लिया है. इस सनसनीखेज खुलासे से साइबर अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है.

ऐसे दिया गया था वारदात को अंजाम
बरूराज थाना क्षेत्र के रहने वाले वादी विजय ठाकुर द्वारा साइबर थाना में एक लिखित आवेदन दिया गया था. आवेदन में बताया गया कि ठगों ने उन्हें बहुत ही कम कीमत पर सोलर प्लेट और अन्य जरूरी सामग्रियां मुहैया कराने का झांसा दिया और धीरे-धीरे अपने जाल में फंसाकर कुल 50 लाख रुपये की बड़ी ठगी कर ली.

स्पेशल टीम ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के अनुश्रवण तथा पुलिस उपाधीक्षक-सह-थानाध्यक्ष, साइबर थाना के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गहन सुरागकसी के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महकार थाना क्षेत्र (जिला-गयाजी) के रहने वाले विकास कुमार को दबोच लिया.

34 लाख रुपये की राशि कराई गई होल्ड
पुलिस की मुस्तैदी के कारण ठगी गई कुल 50 लाख रुपये की राशि में से 34 लाख रुपये को तुरंत होल्ड करा दिया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस होल्ड की गई राशि को वादी को वापस दिलाने की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में है.

बरामदगी और आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार अभियुक्त विकास कुमार के पास से पुलिस ने एक मोबाइल और एक चेकबुक बरामद किया है. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी हुई है. साथ ही, इस गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

