मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का हुआ भव्य उद्घाटन, अब मिनटों में तय होगा घंटों का सफर!

पटना: बिहार की राजधानी पटना के निवासियों के लिए एक बेहद खुशखबरी सामने आई है। वर्षों से जिस ऐतिहासिक पल का इंतजार पटनावासी कर रहे थे, वह आखिरकार पूरा हो गया है। पटना मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत बहुप्रतीक्षित मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का भव्य फीता काटकर आधिकारिक तौर पर उद्घाटन कर दिया गया है। इस नए रूट और स्टेशन के शुरू होने से अब पटना के लोगों को बाईपास रोड के भीषण ट्रैफिक जाम, धूल और जानलेवा प्रदूषण से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।

 मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन के भव्य लोकार्पण के अवसर पर  रिबन काटकर मेट्रो सेवा का आधिकारिक शुभारंभ करते मुख्य सीएम सम्राट चौधरी ।  उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, वरिष्ठ मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, विधायक संजीव चौरसिया, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर, दिल्ली मेट्रो के तकनीकी विशेषज्ञ मंगू सिंह एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति।

दिग्गजों का लगा जमावड़ा, जनता में भारी उत्साह

इस ऐतिहासिक उद्घाटन के मौके पर सरकार के वरिष्ठ नेताओं, नगर विकास विभाग के शीर्ष अधिकारियों और मेट्रो के तकनीकी विशेषज्ञों का बड़ा जमावड़ा लगा रहा। उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, पटना के सांसद रवि शंकर प्रसाद, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नंद किशोर यादव और विधायक संजीव चौरसिया उपस्थित रहे।

(बाएं) मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन के स्वचालित प्रवेश द्वार (एएफसी गेट) पर स्मार्ट कार्ड को पंच कर तकनीकी व्यवस्था की जांच करते सीएम सम्राट चौधरी  (दाएं) उद्घाटन के बाद स्टेशन के आधुनिक एस्केलेटर से प्लेटफॉर्म की ओर बढ़ते सीएम सम्राट चौधरी  एवं अन्य प्रशासनिक और सुरक्षा अधिकारी।

प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने वाले नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सह पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (पीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक आनंद किशोर और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के पूर्व प्रबंध निदेशक सह मुख्य सलाहकार मंगू सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सुरक्षा और व्यवस्था संभालने के लिए पटना के जिलाधिकारी कपिल अशोक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा मुस्तैद दिखे। मेट्रो सेवा की शुरुआत होते ही आम जनता में भारी उत्साह देखा गया। लोगों का कहना है कि अब कंकड़बाग और बाईपास के दमघोंटू जाम में फंसने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

पटना मेट्रो कोच के भीतर सफर का आनंद लेते सीएम सम्राट चौधरी  , उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, वरिष्ठ मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक संजीव चौरसिया और प्रशासनिक अधिकारी। साथ ही कोच में खड़े होकर मेट्रो की बारीकियों और रूट मैप के बारे में जानकारी देते प्रधान सचिव सह प्रबंध निदेशक आनंद किशोर।

वीआईपी नेताओं ने खुद मेट्रो में किया सफर, एस्केलेटर और गेट का किया निरीक्षण

उद्घाटन के तुरंत बाद सभी मुख्य अतिथियों ने खुद मेट्रो ट्रेन में बैठकर यात्रा की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नेताओं ने मलाही पकड़ी स्टेशन से भूतनाथ स्टेशन तक का सफर तय किया। इस दौरान प्रबंध निदेशक आनंद किशोर और तकनीकी विशेषज्ञ मंगू सिंह ने उपस्थित मंत्रियों को मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था, सिग्नलिंग प्रणाली और आधुनिक यात्री सुविधाओं के बारे में विस्तार से तकनीकी जानकारी दी। अतिथियों ने स्वचालित टिकट काउंटरों (एएफसी गेट) पर स्मार्ट कार्ड और टोकन प्रणाली का परीक्षण किया तथा स्टेशन पर लगे आधुनिक एस्केलेटर का भी निरीक्षण किया।

पटना मेट्रो से जुड़ी मुख्य बातें:

  • किराया: आम जनता की जेब को ध्यान में रखते हुए इस रूट पर यात्रा करने के लिए न्यूनतम किराया 15 रुपये और अधिकतम किराया 30 रुपये तय किया गया है।
  • दैनिक फेरे: यात्रियों की सुविधा के लिए यह मेट्रो प्रतिदिन 40 से 42 फेरे लगाएगी, जिससे यात्रियों को ट्रेन के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
  • प्रमुख स्टेशन: इस प्रायोरिटी कॉरिडोर रूट पर यात्रियों को मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरो माइल और न्यू आईएसबीटी (इंटरस्टेट बस टर्मिनल) स्टेशन की अत्याधुनिक सुविधा मिलेगी।
  • कला और संस्कृति: पूरे मेट्रो स्टेशन की दीवारों को बिहार की प्रसिद्ध मधुबनी पेंटिंग और गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहरों से बेहद खूबसूरत तरीके से सजाया गया है, जो यात्रियों को आकर्षित कर रही है।

इस परियोजना के पूर्ण होने से कंकड़बाग जैसी एशिया की सबसे बड़ी घनी आबादी वाली कॉलोनी और अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) आने-जाने वाले लाखों लोगों को सीधे तौर पर तेज, सुरक्षित और सुगम परिवहन का लाभ मिलेगा।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here