पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बार फिर अपनी सख्त कार्रवाई और बेहतर काम करने वाले कर्मियों के हौसला-अफजाई का स्पष्ट संदेश दिया है। ब्यूरो के महानिदेशक जितेन्द्र सिंह गंगवार की अध्यक्षता में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक के दौरान भ्रष्टाचार पर प्रहार करने वाले तेज-तर्रार अधिकारियों को सम्मानित किया गया। बैठक में उत्कृष्ट कार्य और सराहनीय सफलता के लिए विशेष रूप से पुरस्कारों की घोषणा की गई, जिससे महकमे में उत्साह का माहौल है।

तीन नवप्रोन्नत डीएसपी को लगे नए बैज
मासिक समीक्षा बैठक के दौरान ब्यूरो के तीन पुलिस पदाधिकारियों को प्रोन्नति मिलने पर नए पद के अनुरूप बैज लगाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले नवप्रोन्नत पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) में अरुण कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह एवं मो० जहांगीर अंसारी शामिल हैं। महानिदेशक ने सभी को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और पूरी निष्ठा, ईमानदारी व जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। साथ ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘ट्रैप’ (छापेमारी) की कार्रवाई को और अधिक तेजी से बढ़ाने पर जोर दिया गया।

दीपावली की छुट्टी में भी बरपा था काल, 5 लाख रिश्वत लेते दबोचे गए थे कार्यपालक अभियंता
बैठक का सबसे बड़ा आकर्षण मधुबनी में हाल ही में की गई एक बड़ी ट्रैप कार्रवाई रही। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम द्वारा दिनांक 08.11.2026 को निगरानी थाना कांड संख्या-133/26 (प्राथमिकी दिनांक 06.11.2026) के तहत बड़ी कार्रवाई की गई थी। पथ निर्माण विभाग (पथ प्रमंडल, मधुबनी) के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को उनके रामनगरी, आशियाना (पटना) स्थित आवास से 5,00,000/- (पाँच लाख) रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था।
खास बात यह थी कि दीपावली पर्व के अवकाश के दिन भी ब्यूरो की टीम ने सुनियोजित ढंग, लगन और तत्परता का परिचय देते हुए इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया था।

15 सदस्यीय टीम को 53 हजार का नकद पुरस्कार
दीपावली के अवकाश के दिन भी जान जोखिम में डालकर और मुस्तैदी दिखाते हुए इस सनसनीखेज ट्रैप को सफल बनाने वाली टीम का विशेष सम्मान किया गया। इस कार्रवाई में शामिल कुल 15 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को उत्साहवर्धन के लिए कुल 53,000/- (तिरपन हजार) रुपये से पुरस्कृत किया गया।
समीक्षा बैठक के दौरान सभी पुलिस उप-महानिरीक्षक, सभी पुलिस अधीक्षक, विधि पदाधिकारी एवं ब्यूरो के अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


