समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार का संकल्प: बंद पड़ी मिलों के पुनरुद्धार और नई मिलों की स्थापना से रोजगार के नए अवसर।
बिहार में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के सामने बने भव्य मंच से ‘गन्ना विकास रथ-2026′ का धमाकेदार शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी जिलों के लिए गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर राज्य के गन्ना उद्योग और किसानों के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए गए, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
दस मिलें हो चुकी हैं चालू, पांच और जल्द आएंगी मैदान में
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान किया कि राज्य में अब तक 10 चीनी मिलें पूरी तरह से कार्यरत हो चुकी हैं, जबकि बहुत जल्द 5 और नई चीनी मिलों को भी शुरू किया जाएगा। ‘समृद्ध उद्योग सशक्त बिहार’ के संकल्प के साथ शुरू किए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों का पुनरुद्धार करना और नई मिलों की स्थापना कर गन्ना उद्योग को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाना है। इससे न सिर्फ किसानों की आय में भारी इजाफा होगा, बल्कि ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे।

डिजिटल तकनीक और आधुनिक खेती से जुड़ेंगे किसान
राज्य सरकार द्वारा रवाना किए गए ‘गन्ना विकास रथ’ का मुख्य उद्देश्य आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक खेती और तमाम सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधा किसानों के खेतों और द्वारों तक पहुंचाना है। इसके तहत किसानों को निम्नलिखित जानकारियां और सुविधाएं मिलेंगी:
- उन्नत तकनीक: उन्नत गन्ना किस्मों, वैज्ञानिक खेती और जैविक खाद के इस्तेमाल की पूरी जानकारी।
- सरकारी अनुदान: गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान तथा मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के अंतर्गत प्रमाणित बीज पर मिलने वाले अनुदान का लाभ।
- फ्री बीज: नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए निःशुल्क गन्ना बीज की उपलब्धता।
- डिजिटल सेवाएं: किसानों को आधुनिक और सुलभ सेवाएं देने के लिए ‘गन्ना ID’ और ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट की शुरुआत की गई है। इसके अलावा किसान गोष्ठियों और नुक्कड़ नाटकों के जरिए व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाई जाएगी।

समारोह में दिग्गजों की रही मौजूदगी
इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे, जिनमें विजय कुमार चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, संजय कुमार, प्रत्यय अमृत, लोकेश कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह और धर्मेन्द्र सिंह शामिल रहे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


