पटना। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने राज्य के लाखों शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों और प्रधान शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए तबादले की नीति में ऐतिहासिक बदलाव किया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के कड़े और स्पष्ट निर्देशों के बाद विभाग ने टीआरई-3 के परिवीक्षा अवधि (प्रोबेशन पीरियड) में कार्यरत शिक्षकों के स्थानांतरण पर लगी रोक को हटा दिया है। इस फैसले से अब परिवीक्षा अवधि में कार्य कर रहे शिक्षक, प्रधानाध्यापक और प्रधान शिक्षक भी तबादले के लिए विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

21 जुलाई के आदेश में संशोधन, नियम-11 का हुआ प्रयोग
उल्लेखनीय है कि शिक्षा विभाग द्वारा 21 जुलाई 2026 को जारी विस्तृत दिशा-निर्देशों में परिवीक्षा अवधि (प्रोबेशन पीरियड) में कार्यरत शिक्षकों को स्थानांतरण प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया था। इस फैसले से टीआरई-3 के हजारों शिक्षकों के बीच गहरी मायूसी और असमंजस की स्थिति बन गई थी।
शिक्षकों से प्राप्त सुझावों और व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस पर तत्काल संज्ञान लिया। इसके बाद बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के नियम-11 के तहत प्राप्त शक्तियों का उपयोग करते हुए पहली स्थानांतरण प्रक्रिया के लिए इस कड़े प्रावधान में ढील दी गई है।

सामान्य शिक्षकों की तरह मिलेगा समायोजन और पारस्पारिक तबादले का मौका
विभाग द्वारा जारी ताजा अधिसूचना के अनुसार, टीआरई-3 के शिक्षक अब सामान्य शिक्षकों की तरह ही:
- समायोजन (समानुपातीकरण/रैशनलाइजेशन)
- पारस्परिक स्थानांतरण (म्यूचुअल ट्रांसफर)
के लिए ऑनलाइन आवेदन करने हेतु पूरी तरह पात्र होंगे। स्थानांतरण की यह पूरी प्रक्रिया शिक्षा विभाग के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बेहद पारदर्शी तरीके से संचालित की जाएगी। संशोधन के अतिरिक्त अधिसूचना के अन्य सभी नियम एवं शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी।

शिक्षक हित में राज्य सरकार संवेदनशील: शिक्षा मंत्री
इस महत्वपूर्ण निर्णय पर विचार रखते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षकों के हितों और उनकी व्यावहारिक समस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। शिक्षकों द्वारा मिली प्रतिक्रियाओं और व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ही यह ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। उन्होंने दोहराया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य स्थानांतरण प्रक्रिया को अधिक न्यायसंगत, पारदर्शी और शिक्षक-हितैषी बनाना है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

