कॉलेज में गूँजा ‘नारी सशक्तिकरण‘ का मंत्र, 132वीं जयंती पर छात्राओं ने बिखेरा जलवा, ‘ज्ञानामृत‘ पत्रिका का हुआ भव्य विमोचन।
मुजफ्फरपुर | 16 अप्रैल, 2026 बिहार में नारी शिक्षा की अलख जगाने वाले पुरोधा और एमडीडीएम कॉलेज के संस्थापक महंत दर्शन दास जी की 132वीं जयंती गुरुवार को महाविद्यालय परिसर में पूरी भव्यता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ‘जयंती समारोह’ के साथ-साथ ‘वार्षिक खेलकूद पुरस्कार वितरण’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।

संस्थापक की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. दिनेश चंद्र राय, विशिष्ट अतिथि डॉ. विजय कुमार शर्मा (पूर्व प्रोफेसर, आईआईटी खड़गपुर) और प्राचार्या डॉ. अलका जायसवाल द्वारा महंत दर्शन दास जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन और छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विश्वविद्यालय गीत ने समारोह में सांस्कृतिक छटा बिखेर दी।
नारी सशक्तिकरण की रखी थी मजबूत नींव
मुख्य वक्ता डॉ. विजय कुमार शर्मा, जो महंत जी के भ्रातृज भी हैं, ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महंत दर्शन दास जी शब्द के सच्चे अर्थों में समाज सेवा की प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने उस दौर में बालिका विद्यालयों और महाविद्यालयों की स्थापना की, जब समाज में महिला शिक्षा को लेकर चुनौतियां थीं। उन्होंने कहा, “नारी सशक्त होगी तो ही परिवार, समाज और राष्ट्र सशक्त होगा।”

कुलपति का आह्वान: डॉक्टर-इंजीनियर से आगे सोचें बेटियाँ
छात्राओं को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. डॉ. दिनेश चंद्र राय ने कहा कि समाज के लिए कुछ कर गुजरने वाले लोग इतिहास में सदैव अमर रहते हैं। उन्होंने एमडीडीएम कॉलेज के गौरवशाली इतिहास की चर्चा करते हुए कहा:
“छात्राओं पर मुझे पूरा विश्वास है कि वे भविष्य में देश की बागडोर संभालेंगी। केवल डॉक्टर और इंजीनियर बनने तक सीमित न रहें, बल्कि सेवा के हर क्षेत्र में आगे आएं। अपने स्वास्थ्य और खेलकूद पर भी उतना ही ध्यान दें जितना पढ़ाई पर।”

‘ज्ञानामृत‘ पत्रिका का विमोचन और सम्मान की बौछार
समारोह के दौरान महाविद्यालय की पत्रिका “ज्ञानामृत : समाचार दर्शन” के प्रवेशांक का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही वर्ष भर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र दिए गए। पुरस्कार पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
मंच का सफल संचालन डॉ. आशा सिंह यादव ने किया और धन्यवाद ज्ञापन संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. स्वस्ति वर्मा ने किया। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी डॉ. राकेश रंजन, डॉ. माला, डॉ. एम सदफ, डॉ. रिंकु कुमारी, डॉ. प्रियम फ्रांसिस समेत भारी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और छात्राएं उपस्थित रहीं।




