जजुआर में लूटकांड का पर्दाफाश, देसी कट्टा और कारतूस के साथ औराई का शातिर गिरफ्तार, कई वारदातों का हुआ खुलासा!

मुजफ्फरपुर: जिले के जजुआर ओ०पी० क्षेत्र में गश्ती पुलिस टीम ने अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से देसी कट्टा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और लूटी गई नगदी बरामद की गई है। इस सनसनीखेज खुलासे की जानकारी ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने प्रेस को दी।

मुजफ्फरपुर में जजुआर ओ०पी० क्षेत्र अंतर्गत लूटकांड का उद्भेदन करते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह प्रभाकर एवं अन्य पुलिस अधिकारी, साथ में गिरफ्तार अभियुक्त।

गश्ती टीम की सतर्कता से हत्थे चढ़ा बदमाश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशानुसार वाहन चेकिंग और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रात्रि करीब 11:10 बजे जजुआर पुलिस गश्ती टीम को देखकर तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवार भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस बल के सूझबूझ और सहयोग से तुरंत उनकी घेराबंदी की गई और जांच व सघन पूछताछ की गई।

जांच के दौरान औराई , मुजफ्फरपुर निवासी मोनु कुमार को एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक चोरी की मोटरसाइकिल और लूटकांड में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में उगले कई बड़े राज, कई कांडों का हुआ उद्भेदन

गिरफ्तार अभियुक्त मोनु कुमार से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने कई सनसनीखेज वारदातों का खुलासा किया। उसने बताया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर 05 नवंबर 2026 को जजुआर ओ०पी० अंतर्गत आईआईएफएल समस्‍ता  फाइनेंस लिमिटेड कंपनी के सेल्स ऑफिसर से लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में जजुआर ओ०पी० (कटरा थाना) कांड संख्या-286/26 दर्ज किया गया है।

इसके अलावा, गहन पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर 14 अक्टूबर 2026 को औराई थाना क्षेत्र में फाइनेंशियल सर्विस कमतौल के कर्मचारी से भी लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस संदर्भ में औराई थाना कांड संख्या-350/26 दर्ज कर पुलिस आगे की जांच और अनुसंधान कर रही है।

बरामदगी और गिरफ्तारी एक नजर में:

  • गिरफ्तार अभियुक्त: मोनु कुमार (थाना-औराई, जिला-मुजफ्फरपुर)
  • देसी कट्टा: 01
  • जिंदा कारतूस: 01
  • चोरी की मोटरसाइकिल: 01
  • लूट कांड में प्रयुक्त मोटरसाइकिल: 01
  • लूटी गई नगद राशि: ₹ 4,000/-
  • मोबाइल फोन: 01

पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त के निशानदेही और आसूचना संकलन के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही, मोनु कुमार के आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here