बोचहाँ थाना क्षेत्र के बल्थी रसूलपुर की घटना; मशीन की खराबी ठीक करने के दौरान हुआ था विवाद, पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बोचहाँ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ धान की कटाई के दौरान हार्वेस्टर मशीन ठीक कर रहे एक मैकेनिक की निर्मम हत्या कर दी गई. मामूली विवाद में आपा खो चुके हार्वेस्टर चालक ने लोहे की रॉड से मैकेनिक के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है.

धान की कटाई के लिए पंजाब से आए थे मैकेनिक और चालक
मिली जानकारी के अनुसार, बोचहाँ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम-बल्थी रसूलपुर में धान की कटाई के लिए पंजाब से हार्वेस्टर मशीन और उसके चालक मंगवाए गए थे. 7 नवंबर 2026 की रात्रि में मशीन में कुछ तकनीकी खराबी आ गई, जिसे ठीक करने के लिए कंपनी की ओर से पंजाब से मैकेनिक अमरजीत सिंह वहाँ पहुँचा था. मशीन ठीक करने के दौरान ही मैकेनिक अमरजीत सिंह और हार्वेस्टर चालक गुरप्रीत सिंह के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस और विवाद हो गया.

लोहे की रॉड के ताबड़तोड़ वार से ली जान
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर चालक गुरप्रीत सिंह ने आपा खो दिया और पास रखे लोहे की रॉड से मैकेनिक अमरजीत सिंह के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया. इस खौफनाक हमले में अमरजीत सिंह गंभीर रूप से जख्मी होकर लहूलुहान होकर गिर पड़े. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल अमरजीत सिंह को तुरंत इलाज के लिए प्रसाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान 8 नवंबर 2026 की रात्रि में उन्होंने दम तोड़ दिया.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार बोचहाँ थाना की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की और नामजद अभियुक्त चालक गुरप्रीत सिंह (निवासी: थाना-रामपुरा, जिला-भटिंडा, पंजाब) को धर दबोचा. पुलिस ने हत्या की इस वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड को भी बरामद कर लिया है.

इस संबंध में मृत मैकेनिक के चचेरे भाई (वादी) के लिखित आवेदन के आधार पर बोचहाँ थाना कांड संख्या-323/26 दर्ज किया गया है. पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान में जुटी हुई है.
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

