5 लाख रिश्वत लेते इंजीनियर गिरफ्तार, खिड़की से फेंके पैसे फिर भी नहीं बचा: पटना के पॉश इलाके में छापेमारी, घर से मिला नोटों का पहाड़, गहने और 7 बैंक खाते

पटना/मधुबनी। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल मधुबनी के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को 5,00,000/- रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी पटना के आशियाना, रामनगरी स्थित उनके शिव पार्वती गृह अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर C-303 से हुई है।

निगरानी की टीम को देखते ही कार्यपालक अभियंता ने रिश्वत की रकम अपने फ्लैट की खिड़की से पास के मैदान में फेंक दी, लेकिन मुस्तैद निगरानी टीम ने मुआयना कर मैदान से पूरे 5 लाख रुपये बरामद कर लिए।

पटना के आशियाना स्थित फ्लैट से 5 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार पथ निर्माण विभाग मधुबनी के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम की हिरासत में।

सड़कों के भुगतान के बदले मांगी थी 19.50 लाख की रिश्वत

रोहतास जिले के देहरी-ऑन-सोन निवासी अरुण कुमार सिंह (पिता: कामता प्रसाद सिंह) ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। अरुण कुमार सिंह की एजेंसी द्वारा मधुबनी में दो प्रमुख सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है:

  1. मधुबनी-राजनगर-बाबूबरही-खुटौना सड़क (1.2 किमी): कुल लागत 5,78,89,003/- रुपये। 90% काम पूरा हो चुका है और पूर्व में 50 लाख का भुगतान हुआ था।
  2. स्टेडियम चौक-महाराजगंज चौक-सुडी हाई स्कूल सड़क (2.4 किमी): कुल लागत 13,48,07,249/- रुपये। 25% काम पूरा हो चुका है और 1,41,00,000/- रुपये का भुगतान हो चुका है।

दोनों योजनाओं में कुल बकाया राशि 6,50,00,000/- रुपये थी। इस बकाया राशि का 3 प्रतिशत के हिसाब से कुल 19,50,000/- रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। पहली किस्त (एडवांस) के रूप में 5,00,000/- रुपये तय हुए थे।

डीएसपी श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में बना धावा दल

शिकायत के सत्यापन के बाद आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया। योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर रविवार, 08 नवंबर 2026 को कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को 5 लाख रुपये लेते धर दबोचा गया।

फ्लैट की तलाशी में मिला कुबेर का खजाना

रिश्वतखोरी के आरोपी इंजीनियर के फ्लैट की तलाशी के दौरान निगरानी टीम के हाथ संपत्ति और निवेश के बड़े दस्तावेज लगे हैं:

  • नकद राशि: 6,11,900/- रुपये नकद बरामद।
  • सोना-चांदी: भारी मात्रा में आभूषण, जिसका मूल्यांकन जारी है।
  • शेयर व LIC: शेयर बाजार और एलआईसी (LIC) में बड़े पैमाने पर निवेश के कागजात।
  • बैंक खाते: 7 बैंक खातों का पता चला है।
  • अचल संपत्ति: जमीन और फ्लैट से जुड़े कई अहम दस्तावेज।
  • लॉकर की चाबी: बैंक लॉकर की चाबी और संबंधित कागजात बरामद।

वर्ष 2026 में निगरानी की रिकॉर्ड कार्रवाई

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार द्वारा वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 133वीं प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त 1 मामला जिला से स्थानांतरित होकर आया है, जिससे कुल 134 मामलों का अनुसंधान जारी है।

इस साल अब तक ट्रैप से जुड़े 121 मामले दर्ज किए गए हैं, जो पिछले सालों के औसत से 2.5 गुना अधिक हैं। इन ट्रैप मामलों में 120 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है और कुल 45,60,400/- रुपये रिश्वत की राशि तथा 37,000/- रुपये की नई वाशिंग मशीन बरामद की गई है। (उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप मामले दर्ज हुए थे और 37,80,300/- रुपये की बरामदगी हुई थी)।

निगरानी टीम की पूछताछ के बाद आरोपी रितेश चन्द्र सिन्हा को पटना स्थित विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here