मुजफ्फरपुर में बड़ा एक्शन: जुआ और सट्टेबाजी के अवैध अड्‌डे पर पुलिस का छापा, 6 गिरफ्तार और 2 लाख से अधिक नकदी बरामद!

मुजफ्फरपुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अवैध सट्टा, जुआ और ऑनलाइन गेमिंग के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष समकालीन छापेमारी अभियान के तहत कांटी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने कांटी थाना क्षेत्र के न्यू मार्केट स्थित मिश्रा कॉम्प्लेक्स के प्रथम तल पर छापेमारी कर बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध जुआ गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस दौरान मौके से जुआ खेल रहे 6 कुख्यात आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है, साथ ही भारी मात्रा में नकदी और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं.

कांटी थाना परिसर में अवैध जुआ गिरोह के खुलासे के बाद पकड़े गए आरोपियों के साथ मीडिया को जानकारी देतीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पश्चिमी-01, सुचित्रा कुमारी एवं अन्य पुलिसकर्मी।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पश्चिमी-01, सुचित्रा कुमारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में अवैध सट्टा, जुआ और ऑनलाइन गेमिंग खेलने व संचालन करने वालों के खिलाफ विशेष समकालीन छापेमारी चलाई जा रही है. इसी क्रम में 6 नवंबर 2026 की रात्रि को सूचना मिली कि कांटी थाना अंतर्गत न्यू मार्केट स्थित मिश्रा कॉम्प्लेक्स के प्रथम तल पर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए कांटी एसएचओ और उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान की घेराबंदी की और छापेमारी के दौरान कुल छह सदस्यों को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य अज्ञात के विरुद्ध भी कांटी थाना कांड संख्या-693/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

भारी मात्रा में नकदी और ताश के पत्ते बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से अवैध कारोबार से जुड़े कई सामान और नकदी जब्त किए हैं:

  • कुल 2,04,200 रुपये नकद
  • 08 मोबाइल फोन
  • 04 बंडल / पैकेट ताश के पत्ते

गिरफ्तार आरोपियों की सूची

पुलिस की गिरफ्त में आए सभी छह आरोपी कांटी थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं:

  1. देवनारायण साह
  2. प्रशांत राज
  3. अमित कुमार
  4. अभिजीत कुमार
  5. धीरज कुमार
  6. दिलीप कुमार सिंह

दीपावली को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था और आमजन से अपील

दीपावली के त्योहार को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि हर जगह पुलिस बल और पर्याप्त पदाधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपना त्योहार मना सकें. उन्होंने युवाओं और अभिभावकों से कड़ी अपील करते हुए कहा कि खुले में सट्टेबाजी और अवैध जुआ खेलना पूरी तरह प्रतिबंधित है. ऐसा करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए मामले दर्ज किए जा रहे हैं और लोग सीधे जेल जा रहे हैं, अतः इस तरह के अवैध कार्यों से दूर रहें.

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here