नई दिल्ली: भारतीय डाक ने अपने व्यावसायिक प्रदर्शन में बेहतर वृद्धि दर्ज करते हुए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर 2026) में डाक विभाग का कुल राजस्व 24 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 8,212.7 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में 6,636 करोड़ रुपये था। यह पहला मौका है जब डाक विभाग ने लगातार दो तिमाहियों में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त किया है।

नई दिल्ली में आयोजित की गई समीक्षा बैठक
इस उपलब्धि की समीक्षा के लिए नई दिल्ली में एक बैठक आयोजित की गई। केंद्रीय संचार एवं उत्तरपूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया की अध्यक्षता में हुई इस दूसरी तिमाही की समीक्षा बैठक में केंद्रीय संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, महानिदेशक डाक सेवा मनीषा सिन्हा, सचिव (डाक) सुब्रत दास, डाक सेवा बोर्ड के सदस्य, सभी डाक परिमंडलों के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल तथा डाक निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
पार्सल कारोबार में 71 प्रतिशत की वृद्धि
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) में डाक विभाग ने 4,201.5 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की इसी तिमाही की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक है।

विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में हुई वृद्धि का विवरण:
- पार्सल क्षेत्र: 71 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 318.9 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
- पीएलआई और आरपीएलआई: 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
- अंतर्राष्ट्रीय और वैश्विक व्यवसाय: 38 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
- डाक सामग्री: 36 प्रतिशत की वृद्धि हासिल हुई।
- डाकघर बचत बैंक: 18 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,987 करोड़ रुपये का योगदान दिया।

बिहार डाक परिमंडल ने किया बेहतर प्रदर्शन
दूसरी तिमाही में लक्ष्य प्राप्ति के मामले में देश के 23 डाक परिमंडलों में से बिहार डाक परिमंडल 97.15 प्रतिशत की उपलब्धि के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद पश्चिम बंगाल 97.07 प्रतिशत के साथ दूसरे और उत्तर पूर्व परिमंडल 94.79 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पहली तिमाही का सम्मान आंध्र प्रदेश डाक परिमंडल को और दूसरी तिमाही का सम्मान बिहार डाक परिमंडल को दिया गया। केरल, उत्तर पूर्व, उत्तर प्रदेश और बिहार ने अपने पार्सल कारोबार के लक्ष्यों को पूरा किया।

ग्राहकों की संतुष्टि और डिजिटलीकरण पर जोर
बैठक में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने सेवाओं में गुणवत्ता लाने, नए ग्राहकों को जोड़ने और सेवाओं के डिजिटलीकरण में तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने पार्सल वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने और ग्राहकों की संतुष्टि बढ़ाने के लिए वास्तविक समय में निगरानी रखने की व्यवस्था मजबूत करने का आह्वान किया।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

