पटना, 27 सितम्बर 2026: बिहार की राजनीति में एस०आई०आर० (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर घमासान मच गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय के ‘संवाद’ कक्ष में एक उच्चस्तरीय संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विपक्ष के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि एस०आई०आर० की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और निर्धारित नियमों के तहत ही पूरी की गई है, और विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे केवल जनता के बीच भ्रम फैलाने का घटिया प्रयास कर रहे हैं।

विपक्ष के पास नहीं है कोई फैक्ट, सिर्फ फैलाया जा रहा है झूठ
मुख्यमंत्री ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि एस०आई०आर० के नाम पर विपक्षी दल बेवजह का बवंडर खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में 24 जून 2025 से 25 जुलाई 2025 तक एस०आई०आर० की प्रक्रिया चली थी। इस दौरान मृत व्यक्तियों, स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके लोगों और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मतदाताओं से जुड़ी प्रविष्टियों का कड़ाई से सत्यापन किया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वर्ष 2003 में जब राबड़ी देवी मुख्यमंत्री थीं, तब भी एस०आई०आर० कराया गया था और फिर वर्ष 2025 में नीतीश कुमार के कार्यकाल में भी यह प्रक्रिया पूरी की गई थी। उस समय की मतदाता सूची को निर्वाचन आयोग ने ऑनलाइन भी उपलब्ध कराया था ताकि सभी लोग अपने पुराने विवरण का मिलान कर सकें।

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर सीधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा उठाए गए सवालों का जिक्र करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग इस मामले पर पहले ही अपनी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर चुका है। यदि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से बाहर हुआ है या किसी के पास कोई वास्तविक शिकायत है, तो उसे नियमों के तहत सामने लाना चाहिए, लेकिन आज तक इस तरह की एक भी ठोस शिकायत सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और न्याय हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था के दो सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, और जनता ही देश की असली मालिक है।

एक गरीब का बेटा पीएम बना, यह विपक्ष को नहीं पच रहा!
केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में पूरे देश में विकास की रफ्तार कई गुना तेज हो चुकी है। एक गरीब का बेटा आज देश का प्रधानमंत्री बन गया है, जो विपक्ष के नेताओं को बिल्कुल भी नहीं पच रहा है। देश की प्रगति और बेहतरीन कानून-व्यवस्था देखकर विपक्षी दलों की नींद उड़ चुकी है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अनाप-शनाप आरोप लगाने के बजाय जनहित के असली मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएं और पूरी प्रमाणिकता के साथ अपनी बात रखें।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||

