मुजफ्फरपुर: जिले में प्रशासनिक महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जिलाधिकारी कुमार गौरव ने मंगलवार को कुढ़नी प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। ताबड़तोड़ निरीक्षण के दौरान जहां लापरवाह स्वास्थ्य अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया, वहीं दूसरी ओर उप विकास आयुक्त द्वारा कटरा प्रखंड में गायब मिले कर्मियों पर शो कॉज की कार्रवाई की गई है।

कुढ़नी अस्पताल में कुव्यवस्था पर तल्ख तेवर, 7दिनों में सुधार का अल्टीमेटम
औचक निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी कुमार गौरव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुढ़नी की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल के प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में भारी लापरवाही तथा उदासीनता बरते जाने का मामला सामने आया। सीएचसी में फैली कुव्यवस्था को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक से स्पष्टीकरण (शो कॉज) मांगा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सा, दवा वितरण, इमरजेंसी और ओटी (ऑपरेशन थिएटर) का गहन जायजा लिया तथा वहां मौजूद मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधा फीडबैक भी प्राप्त किया। अधिकारियों को चेताते हुए व्यवस्था सुधारने के लिए अंतिम रूप से ७ दिनों का समय दिया गया है और कमियों को शीघ्र दूर करने का सख्त निर्देश दिया गया है।

प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय में पारदर्शिता और परिणाम-आधारित कार्य पर जोर
इससे पूर्व जिलाधिकारी कुमार गौरव ने प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय, कुढ़नी का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ अपने आधिकारिक दायित्वों का निर्वहन करने का सख्त निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय पहुंचे आम नागरिकों से मिलकर जिलाधिकारी ने उनका फीडबैक भी लिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार के आदेशों के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा पूरी संवेदनशीलता के साथ जनता के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निष्पादित किया जाना चाहिए। साथ ही, सभी जिला-स्तरीय अधिकारियों को क्षेत्रीय कार्यालयों का नियमित तौर पर निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है ताकि कार्यालय प्रबंधन सुदृढ़ रहे और कार्य परिणाम-आधारित तरीके से संचालित हो सकें।

अभियान बसेरा शिविर का निरीक्षण, पटना जाने की जरूरत नहीं
प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी कुढ़नी प्रखण्ड के चदुआ पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन पहुंचे, जहां आयोजित अभियान बसेरा शिविर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय मुखिया, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा आम जनता से विस्तृत बातचीत की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस तरह के शिविरों का वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि इनका सफल आयोजन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विशेष रूप से यह स्पष्ट किया कि इस अभियान के तहत वास भूमि के लिए आवेदन जमा करने हेतु आम लोगों को पटना जाने की कोई आवश्यकता नहीं है।

कटरा प्रखंड में डीडीसी की औचक कार्रवाई, गायब कर्मियों पर शो कॉज
वहीं दूसरी ओर, जिला प्रशासन के अन्य प्रमुख पदाधिकारी उप विकास आयुक्त द्वारा कटरा प्रखंड का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं—लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, विकसित भारत जी राम जी (मनरेगा) एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की विस्तृत समीक्षा बैठक की गई।

लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा’ के क्रियान्वयन में तेजी लाने और प्रगति लाने के लिए कड़े निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, विकसित भारत जी राम जी के तहत आंगनबाड़ी और ग्रामीण हाट के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित और अपूर्ण आवासों को १ सप्ताह के भीतर हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी लापरवाही यह पाई गई कि विकसित भारत जी राम जी कार्यालय के औचक निरीक्षण के क्रम में कई कर्मी अपने कार्यालय से गायब मिले। इस पर गंभीर रुख अपनाते हुए कार्यक्रम पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी अनुपस्थित कर्मियों से तत्काल शो कॉज किया जाए। उप विकास आयुक्त द्वारा प्रखंडों में प्राप्त पारिवारिक मामलों के समयबद्ध निष्पादन हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||


