अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने दी दो-टूक चेतावनी, कहा— भ्रामक खबरें फैलाने वाले संपादकों को भेजा जा रहा है लीगल नोटिस।
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के बरूराज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ स्कूल जा रही दो मासूम छात्राओं पर एक शोहदे द्वारा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना को लेकर जहाँ एक तरफ इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ मीडिया में चल रही कुछ खबरों को पुलिस ने पूरी तरह से खारिज करते हुए इसे महज अफवाह और भ्रामक बताया है। पुलिस प्रशासन अब इस मामले में पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहा है।

क्या है पूरी घटना?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 21.09.2026 को दो छात्राएं कमालपुर बिशौल के पास से अपनी साइकिल पर सवार होकर स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान, बरूराज थाना क्षेत्र के अंतर्गत चोरबन पुलिया के पास सामने से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने तावड़तोड़ अंदाज में साइकिल पर सवार दोनों छात्राओं पर अचानक दाहिने हाथ पर ब्लेड से प्रहार कर दिया। इस अचानक हुए हमले से दोनों बच्चियों के दाहिने हाथ में ब्लेड का जख्म हो गया और वे आंशिक रूप से जख्मी हो गईं। घटना के तुरंत बाद दोनों बच्चियों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पी.एच.सी.) ले जाया गया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच तेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पीड़िता द्वारा प्राप्त कराए गए आवेदन के आधार पर बरूराज थाना में कांड संख्या-179/2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने दोनों बच्चियों का बयान दर्ज कर लिया है और हमलावर मोटरसाइकिल सवार की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी व प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही संलिप्त अभियुक्त की पहचान कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

चाकू मारने और छेड़खानी की खबरें निकलीं पूरी तरह फर्जी: पुलिस प्रशासन
घटना के सामने आने के बाद कुछ समाचार पत्रों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह खबर प्रसारित कर दी गई कि दोनों बच्चियों को “चाकू मारा गया है” तथा उनके साथ “छेड़खानी” की गई है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पश्चिमी-01, सुचित्रा कुमारी ने स्पष्ट किया है कि विभिन्न माध्यमों में प्रसारित की जा रही यह खबरें पूर्णतः मिथ्या, अपुष्ट, भ्रामक, निराधार और तथ्यहीन हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर द्वारा दिनांक 22.09.2026 को खुद बरूराज थाना अंतर्गत घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा पीड़ित छात्राओं से मिलकर घटना के संबंध में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की गई। इसके बाद संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को घटना के त्वरित उद्भेदन और संलिप्त व्यक्ति की जल्द गिरफ्तारी के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

संपादकों को जारी हो रहा है लीगल नोटिस
प्रशासन ने बिना सत्यता की जांच किए और बिना आधिकारिक पुष्टि के इस प्रकार की सनसनीखेज व भ्रामक खबरें प्रसारित करने वाले संबंधित संपादकों को नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही, इस संबंध में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया को भी पत्राचार किया जा रहा है ताकि इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना पत्रकारिता पर लगाम लगाई जा सके।
प्रशासन की आम जनता से अपील
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। आम जनता से अपील की गई है कि बिना सत्यता की जांच किए किसी भी तरह के भड़काऊ, आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी, अफवाह तथा भ्रामक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर न करें। यदि कोई ऐसा करता है या अफवाह फैलाता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||

