फोटोशूट कराने गई पहाड़ी पर अपराधियों ने की घिनौनी हरकत, वीडियो बनाकर खुद सोशल मीडिया पर किया था अपलोड; अन्य की तलाश में जुटी पुलिस
जमुई: बिहार के जमुई जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ पहाड़ के पास फोटो शूट करने गई एक नाबालिग छात्रा और उसके दोस्त के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ करने का मामला तूल पकड़ चुका है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एस.आई.टी. का गठन किया और महज कुछ ही घंटों के भीतर तीन आरोपियों को दबोच लिया है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि यह शर्मनाक घटना 19 सितंबर की शाम लगभग 7:00 बजे की है। पीड़िता अपने एक दोस्त के साथ मड़वा और प्रतापपुर के आसपास के पहाड़ी क्षेत्र में फोटो शूट करने गई हुई थी। उसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ असामाजिक तत्वों ने दोनों को घेर लिया और नाबालिग के साथ छेड़खानी तथा अभद्र व्यवहार करते हुए उसका वीडियो बना लिया। आरोपियों ने इस घृणित कृत्य का वीडियो खुद ही अपने मोबाइल से बनाया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई और एस.आई.टी. गठन
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जमुई पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने पीड़िता की पहचान कर आज ही उसका बयान दर्ज किया और इसके आधार पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में एक विशेष एस.आई.टी. टीम का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित छापामारी करते हुए वीडियो में दिख रहे तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए गए सभी आरोपी जमुई थाना क्षेत्र के मड़वा गांव के ही रहने वाले हैं। इनकी उम्र लगभग 14 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के घर से वह मोबाइल भी बरामद कर लिया है जिससे वीडियो बनाया गया था। इसके अलावा सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए आपत्तिजनक वीडियो को टेक डाउन (हटवाने) की विधि सम्मत कार्रवाई भी पूरी कर ली गई है।

सरकार और महिला आयोग की कड़ी नजर
इस सनसनीखेज मामले पर राजनीतिक हलकों और महिला आयोग में भी उबाल है। बिहार सरकार की मंत्री और जमुई विधायक श्रेयसी सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिला प्रशासन से लगातार समन्वय स्थापित कर अन्य फरार आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दोहराया कि राज्य में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और मुख्यमंत्री स्तर से भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश हैं।
वहीं, बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष प्रो. अप्सरा ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। उन्होंने जमुई के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर बातचीत कर अब तक की गई कार्रवाई की अद्यतन रिपोर्ट तलब की है और पीड़िता को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।

जल्द सलाखों के पीछे होंगे बाकी बचे दरिंदे
पुलिस अधीक्षक ने मीडिया को आश्वस्त किया है कि वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कुल 5 लोगों की पहचान की जा चुकी है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, जिसकी निशानदेही पर बाकी बचे अन्य अपराधियों को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की लगातार छापेमारी जारी है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||


