मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मिठनपुरा थाना क्षेत्र से 10 लाख रुपए की फिरौती के लिए अपहृत किए गए चंदन कुमार को पुलिस ने महज 08 घंटे के भीतर पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से सकुशल मुक्त करा लिया है। इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह के 04 शातिर अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 01 चारपहिया वाहन और 04 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

लाइव वीडियो कॉल पर दिखाई मारपीट की खौफनाक तस्वीरें : घटना के संबंध में मिठनपुरा थाना क्षेत्र की निवासी शैल्या देवी उर्फ श्वेता कुमारी ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात अपराधियों द्वारा उनके पति चंदन कुमार का अपहरण कर लिया गया है। अपराधियों ने 19.08.2026 की शाम लगभग 06:02 बजे अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल कर 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग की। अपराधियों ने धमकी दी कि यदि रकम जल्द उपलब्ध नहीं कराई गई, तो चंदन कुमार की हत्या कर दी जाएगी। हैवानियत की हद तो तब पार हो गई जब बदमाशों ने श्वेता कुमारी को वीडियो कॉल कर उनके पति के साथ की जा रही बेरहमी से मारपीट का लाइव दृश्य भी दिखाया। श्वेता कुमारी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए इस वीडियो कॉल को दूसरे मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।

पुलिस महकमे में हड़कंप, विशेष टीम गठित मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के सख्त निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक (नगर) के अनुश्रवण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-01) द्वारा किया गया। टीम में प्रभारी जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) और मिठनपुरा थानाध्यक्ष की टीम को शामिल किया गया।
यूपी के बलिया में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी गठित विशेष टीम ने मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई शुरू की। अपराधियों के संभावित ठिकानों का पता लगाते हुए बिहार पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश के बलिया जिला स्थित हल्दी थाना क्षेत्र में जा पहुंची। स्थानीय उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से की गई संयुक्त छापेमारी में पुलिस ने महज 08 घंटे के भीतर अपहृत चंदन कुमार को सकुशल बरामद कर लिया।

गिरफ्तार अपराधियों की सूची:
- सुरज कुमार उर्फ सुरज कुमार सिंह उर्फ सुरजभान सिंह (थाना- सराय, जिला- वैशाली)
- रौशन कुमार (थाना- दिघवारा, जिला- सारण)
- गौरव सिंह (थाना- पनकी, जिला- कानपुर, राज्य- उत्तर प्रदेश)
- अभिषेक कुमार (थाना- बंगरा, जिला- समस्तीपुर)

बरामदगी:
- घटना में प्रयुक्त वाहन (कार): 01
- मोबाइल फोन: 04
पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ मिठनपुरा थाना कांड संख्या 233/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। समय रहते पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई की हर तरफ सराहना हो रही है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें ,
|| https://newsbharattv.in ||


