मुजफ्फरपुर में युवक का अपहरण : 50 हजार रुपये की मांगी फिरौती ,

पुलिस ने 2 घंटे के भीतर किया सकुशल बरामद, हथियार के साथ 2 शातिर अपराधी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर (विशेष संवाददाता): मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जजुआर आउट पोस्ट (ओपी) इलाके में एक 19 वर्षीय युवक के अपहरण की खबर से हड़कंप मच गया। खेलते समय बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर युवक का अपहरण कर लिया और रिहाई के एवज में 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी। सूचना मिलते ही हरकत में आई मुजफ्फरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर न केवल अपहृत युवक को सकुशल मुक्त करा लिया, बल्कि घटना में शामिल दोनों शातिर अपराधियों को भी धर दबोचा।

मुजफ्फरपुर में 19 वर्षीय युवक के अपहरणकांड का सफल उद्भेदन करने के बाद गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों और बरामद सामान के साथ प्रेसवार्ता करते पुलिस अधिकारी।

खेल के मैदान से किया था किडनैप

मिली जानकारी के अनुसार, 09 अगस्त 2026 की शाम जजुआर ओपी (कटरा) क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवक खेल रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे दो अज्ञात अपराधियों ने पिस्तौल की नोक पर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद अपराधियों ने परिजनों से 50 हजार रुपये की फिरौती की मांग की। घटना के बाद बदहवास परिजनों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। अपहृत युवक के पिता के फर्दबयान के आधार पर जजुआर ओपी (कटरा) थाना में कांड संख्या-208/26 दर्ज कर छानबीन शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बनी विशेष टीम

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के अनुश्रवण तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पूर्वी-01 के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम में जजुआर ओपी प्रभारी और उनकी पुलिस टीम को शामिल किया गया।

तकनीकी जांच और 2 घंटे में त्वरित कार्रवाई

गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय आसूचना (ह्यूमन इंटेलिजेंस) का सहारा लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर जजुआर ओपी (कटरा) क्षेत्र के रहने वाले 19 वर्षीय अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही मौके से अपहरणकांड को अंजाम देने वाले दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पकड़े गए अभियुक्त और बरामदगी

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार है:

  1. मंजय कुमार (निवासी: जजुआर ओपी, जिला- मुजफ्फरपुर)
  2. सुनील कुमार (निवासी: जजुआर ओपी, जिला- मुजफ्फरपुर)

बरामद सामान:

  • 01 देशी पिस्तौल
  • 04 जिंदा कारतूस
  • अपहृत युवक का 01 मोबाइल फोन
  • घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल

कुख्यात रहा है मंजय कुमार का इतिहास

पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से मंजय कुमार का लंबा और गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध मुजफ्फरपुर, दरभंगा और सीतामढ़ी समेत कई जिलों के थानों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मामले दर्ज हैं:

  1. सदर थाना कांड संख्या- 127/23 (लूट कांड)
  2. सदर थाना कांड संख्या- 210/23 (लूट कांड)
  3. सदर थाना कांड संख्या- 777/23 (आर्म्स एक्ट)
  4. सदर थाना (दरभंगा) कांड संख्या- 140/23 (लूट एवं आर्म्स एक्ट)
  5. कमतौल (दरभंगा) थाना कांड संख्या- 70/23 (लूट कांड)
  6. नानपुर (सीतामढ़ी) थाना कांड संख्या- 106/23 (डकैती कांड)

पुलिस के अनुसार अपराधियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड का पता लगाया जा रहा है तथा मामले में अग्रतर कानूनी कार्रवाई जारी है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here