आसमान से हुई फूलों की बारिश, जय भोलेनाथ के जयकारों से गूंजा उत्तर बिहार का देवघर: गरीबनाथ धाम में पहली बार हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा

मुजफ्फरपुर: श्रावणी मेला 2026 के पावन अवसर पर मुजफ्फरपुर स्थित प्रसिद्ध गरीबनाथ धाम में भक्ति और आस्था का ऐसा अनुपम दृश्य देखने को मिला, जिसकी गवाह लाखों की संख्या में उमड़ी कांवरियों और श्रद्धालुओं की भीड़ बनी। पहली बार राज्य सरकार और पर्यटन विभाग की संयुक्त पहल से बाबा गरीबनाथ धाम परिसर एवं कांवरिया मार्ग पर हेलीकॉप्टर से भव्य पुष्पवर्षा की गई। जैसे ही नभ मंडल से श्रद्धालुओं पर पंखुड़ियाँ बरसीं, पूरा धाम ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

कांवरिया पथ पर पुष्पवर्षा के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते और आसमान की ओर देखते जिलाधिकारी कुमार गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी।

आस्था के सम्मान में बिछाए गए फूल राज्य सरकार एवं पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस पुष्पवर्षा का उद्देश्य बाबा भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए दूर-दराज से पैदल यात्रा कर पहुंचे श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को नमन करना और उनका आत्मीय अभिनंदन करना था। आसमान से जैसे ही बहुरंगी फूलों की वर्षा शुरू हुई, श्रद्धालुओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और भक्ति रस में सराबोर होकर श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर महादेव का आभार व्यक्त किया।

बाबा गरीबनाथ धाम परिसर में हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा के बीच हाथ उठाकर और हाथ जोड़कर हर-हर महादेव का जयघोष करते श्रद्धालु।

प्रातः काल से ही कांवरिया पथ पर मुस्तैद रहे प्रशासनिक अधिकारी श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुगम, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित जलाभिषेक सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुबह से ही मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा स्वयं कांवरिया मार्ग और मंदिर परिसर में उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविरों, पेयजल एवं कतारबद्ध जलाभिषेक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भक्तिमय माहौल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम बाबा गरीबनाथ धाम को उत्तर बिहार का देवघर कहा जाता है। मेले के दौरान लाखों की भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए पूरे मार्ग में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशासनिक चौकसी और पुष्पवर्षा के इस अनोखे स्वागत से श्रद्धालु अत्यंत अभिभूत और उत्साहित नजर आए।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here