मुजफ्फरपुर। जिले के कांटी थाना क्षेत्र में हुए रोंगटे खड़े कर देने वाले दोहरे हत्याकांड का मुजफ्फरपुर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जिस महिला और उसके 6 वर्षीय मासूम बच्चे की बेदर्दी से हत्या की गई थी, उसका मुख्य आरोपी कोई और नहीं बल्कि महिला का प्रेमी विकास कुमार निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने न केवल अपना जुर्म कबूल कर लिया है, बल्कि उसकी ही निशानदेही पर झाड़ियों में फेंका गया 6 वर्षीय मासूम का शव भी बरामद कर लिया गया है। इस वीभत्स कांड में पुलिस अब तक मुख्य आरोपी समेत कुल 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

बगीचे में मिली थी सड़-गल चुकी महिला की लाश
मामले का खुलासा करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार गठित विशेष टीम ने पूरी घटना से पर्दा उठाया है। गौरतलब है कि गत 27 जुलाई 2026 को कांटी थाना क्षेत्र के विशुनपुर सुमेर स्थित एक बगीचे के पास झाड़ियों में ग्रामीणों ने एक महिला का अर्ध सड़-गला शव देखा था। सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए।
शुरुआती जांच और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतका की पहचान कांटी निवासी मंजू कुमारी के रूप में हुई। मृतका के पिता ने कांटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर कांड संख्या 481/26 दर्ज की गई। आवेदन में पिता ने 5 नामजद आरोपियों पर अपनी पुत्री की हत्या करने और 6 वर्षीय नाती को गायब कर देने का गंभीर आरोप लगाया था।
विशेष टीम ने कसे शिकंजे, पहले हरि पासवान फिर मुख्य आरोपी धराया
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के अनुश्रवण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी-01) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें थानाध्यक्ष कांटी व उनकी टीम शामिल थी।

त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 31 जुलाई 2026 को नामजद अभियुक्त हरि पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी रखी गई। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मृतका का प्रेमी विकास कुमार इस जघन्य हत्याकांड का मुख्य सूत्रधार है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कांटी निवासी विकास कुमार को धर दबोचा।
एसिड से जलाया चेहरा ताकि न हो सके पहचान
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी विकास कुमार टूट गया और उसने दोहरे हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। विकास कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने विशुनपुर सुमेर स्थित बगीचे के पास झाड़ियों से मृतका के गायब 6 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार का शव बरामद कर लिया।
अनुसंधान में यह बात सामने आई कि मृतका मंजू कुमारी की पूर्व में दो शादियां हो चुकी थीं और उसका आरोपी विकास कुमार के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आरोपी विकास कुमार को शक था कि मंजू कुमारी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी प्रेम-प्रसंग चल रहा है। इसी आपसी विवाद और शक के जुनून में आरोपी विकास कुमार ने गत 23 जुलाई 2026 को मंजू कुमारी और उसके 6 साल के मासूम बेटे आर्यन कुमार की बेरहमी से हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने और पहचान मिटाने के उद्देश्य से दरिंदे प्रेमी ने मां और बेटे दोनों के चेहरे पर तेजाब (एसिड) डाल दिया था।

पुलिस ने बरामद किए अहम सबूत
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त और बरामद सामग्रियों को जब्त कर लिया है:
- 01 मोबाइल फोन (आरोपी का)
- मृतका का मोबाइल फोन
- घटनास्थल से खून लगा कपड़े का पर्दा व टी-शर्ट
- मासूम बच्चे की चप्पल
- प्लास्टिक की बोतल में रखा हरे रंग का लिक्विड (तेजाब/एसिड)
पुलिस प्रशासन के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विकास कुमार के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है तथा मामले में अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


