मुजफ्फरपुर। मुसहरी थाना क्षेत्र में लगातार 05 घरों का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का मुजफ्फरपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना और वाहन चेकिंग के दौरान मुसहरी इलाके से 04 शातिर चोरों को रंगे हाथ धर दबोचा। ये अपराधी चोरी की एक और नई वारदात को अंजाम देकर लौट रहे थे, तभी पुलिस की विशेष टीम ने इन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजारों के साथ-साथ भारी मात्रा में चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।
चोरी की 05 वारदातों से थर्राया था इलाका
विगत कुछ दिनों से मुसहरी थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों द्वारा एक के बाद एक कुल 05 घरों को निशाना बनाया गया था। पीड़ित मकान मालिकों की शिकायत पर मुसहरी थाने में कांड संख्या 269/26, 271/26, 278/26, 286/26 एवं 287/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल था।

एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष पुलिस टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के अनुश्रवण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पूर्वी-02) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस विशेष टीम में मुसहरी थानाध्यक्ष की टीम को शामिल किया गया। टीम द्वारा तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना संकलन (मैनुअल इंटेलिजेंस) के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही थी।
वाहन चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़े आरोपी

सघन चेकिंग और गुप्त इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने मुसहरी इलाके में वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्धों को घेरा। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 04 शातिर अपराधियों को खदेड़कर दबोच लिया। पूछताछ के दौरान अपराधियों ने कबूला कि वे चोरी की वारदात को अंजाम देकर ही लौट रहे थे। इस संबंध में मुसहरी थाने में एक और नया मामला कांड संख्या 288/26 दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:
- रुपेश कुमार (थाना-मुसहरी, जिला-मुजफ्फरपुर)
- संजीत कुमार (थाना-मुसहरी, जिला-मुजफ्फरपुर)
- सोहित कुमार (थाना-मुसहरी, जिला-मुजफ्फरपुर)
- धमेन्द्र कुमार सहनी (थाना-मुसहरी, जिला-मुजफ्फरपुर)
बरामद सामानों की सूची:
- 01 टोटो
- 01 मोटरसाइकिल
- 03 अलग-अलग रंगों का शर्ट
- 01 वायरलेस साउंड बार
- 01 लोहे का रॉड (ताला तोड़ने के लिए)
- 01 छेनी
- 02 मोबाइल फोन
- पैन कार्ड एवं मतदाता पहचान पत्र
- लैपटॉप बैग, चार्जर एवं अन्य सामग्री

गिरफ्तार आरोपियों का रहा है खौफनाक आपराधिक इतिहास
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि पकड़े गए अभियुक्तों में से रुपेश कुमार और संजीत कुमार का पूर्व से गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों के खिलाफ शराब तस्करी से लेकर हत्या जैसे संगीन मामले दर्ज हैं:
- रुपेश कुमार का आपराधिक इतिहास:
- मुसहरी थाना कांड संख्या 04/24 (शराब कांड)
- नगर थाना कांड संख्या 06/24 (शराब कांड)
- मिठनपुरा थाना कांड संख्या 115/25 (हत्याकांड)
- संजीत कुमार का आपराधिक इतिहास:

- मुसहरी थाना कांड संख्या 293/24 (शराब कांड)
- नगर थाना कांड संख्या 296/24 (शराब कांड)
- मिठनपुरा थाना कांड संख्या 115/25 (हत्याकांड)

अन्य कांडों के खुलासे की संभावना
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन 04 शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी से मुसहरी थाने में दर्ज 05 चोरी के कांडों का सफल उद्भेदन हो गया है। गिरोह के अन्य फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि कड़ाई से पूछताछ में जिले के कई अन्य चोरी कांडों का भी खुलासा हो सकता है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

