पटना, 02 अगस्त 2026 : बिहार के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित एक अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की जनता के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं और फैसलों की घोषणा की। अखिल भारतीय कानू हलवाई विचार मंच, बिहार एवं वंशी चाचा सामाजिक विकास परिषद, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में किसी व्यक्ति या गठबंधन की नहीं, बल्कि जनता की सरकार है। सरकार का प्रत्येक क्षण राज्य के विकास और आम लोगों की सेवा के लिए समर्पित है।
राशन कार्ड और सौर ऊर्जा योजना
समारोह को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि 31 मार्च 2027 से पूर्व राज्य के 1 करोड़ बीपीएल (BPL) परिवारों की पहचान कर उन्हें राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही, राज्य के 25 लाख परिवारों के घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कराए जाएंगे, ताकि लोगों को बिना रुकावट बिजली मिल सके।

125 यूनिट बिजली खपत पर मिलेगा बधाई पत्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार देश का पहला राज्य है जो बिजली उपभोक्ताओं को सबसे अधिक सब्सिडी दे रहा है। राज्य के 1 करोड़ 90 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं में से 1 करोड़ 70 लाख उपभोक्ताओं को पिछले 1 वर्ष से 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जो परिवार प्रति माह 125 यूनिट तक ही बिजली की खपत करेंगे, उन्हें सरकार की ओर से बधाई पत्र भेजा जाएगा।
गरीबों की जमीन से हटेगा अवैध कब्जा
जमीन से जुड़े मामलों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर परिवारों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों की पहचान कर उन्हें जमीन वापस दिलाई जाएगी। अतिपिछड़ा समाज को किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है, सरकार उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

शिक्षा के क्षेत्र में नए कदम
मुजफ्फरपुर में शहीद जुब्बा साहनी के नाम पर आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय की स्थापना कराई जा रही है। सम्राट चौधरी ने बताया कि आजादी के 78 वर्षों में बिहार में केवल 278 डिग्री कॉलेज थे, जबकि वर्तमान सरकार ने 15 जुलाई को एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई की शुरुआत कराई है। अगले 10 दिनों के भीतर सभी नए डिग्री कॉलेजों में नियमित रूप से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। इसके लिए संविदा के आधार पर 3,000 प्रोफेसरों की नियुक्ति की जा रही है।
जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही पर कार्रवाई
सहयोग शिविर एवं सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त 5 लाख 83 हजार आवेदनों में से 5 लाख 33 हजार आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 9,000 अधिकारियों को पहला नोटिस, 350 अधिकारियों को दूसरा नोटिस और 4 अधिकारियों को तीसरा नोटिस जारी किया गया है। हर हाल में 30 दिनों के अंदर आवेदनों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है।

पलवैया धाम और सड़क संपर्क का विकास
पलवैया धाम में बाबा गणिनाथ जी महाराज के मंदिर के समग्र विकास के लिए आवश्यकतानुसार भूमि अधिग्रहीत की जाएगी। अगले 5 वर्षों में मरीन ड्राइव के माध्यम से पलवैया धाम तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा सोनपुर से राघोपुर पुल तक 5 पुलों को जोड़ते हुए गंगा अंबिका पथ के माध्यम से मोकामा तक सड़क संपर्क विकसित किया जाएगा।
पेंशन योजना और आर्थिक स्थिति
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 से पूर्व वैश्य समाज सहित बड़ी संख्या में लोग बिहार से पलायन करने को मजबूर थे, लेकिन एनडीए सरकार के नेतृत्व में राज्य की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत हर महीने की 10 तारीख को 1 करोड़ 12 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में पेंशन की राशि सीधे ट्रांसफर की जाती है।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्ति:
इस अभिनंदन समारोह को पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजक मंडल ने सम्राट चौधरी का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, गदा, स्मृति चिह्न एवं फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री रामचंद्र प्रसाद, सांसद संजय जायसवाल, विधायक प्रमोद कुमार, विधायक अरुण कुमार, विधायक छोटी कुमारी सहित कानू-हलवाई समाज के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

