पटना, 02 जुलाई 2026: बिहार के शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का एक और बड़ा मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग के वेतन सत्यापन कोषांग में तैनात अवर सचिव अमोद मिश्रा को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। यह धमाकेदार गिरफ्तारी राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र स्थित मिनिस्टर इन्क्लेव मोड़ के पास से की गई है, जिसके बाद से ही पूरे सचिवालय गलियारे में हड़कंप मचा हुआ है।

नालंदा के पीड़ित ने की थी शिकायत
निगरानी ब्यूरो से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले की शिकायत नालंदा जिले के बिहार शरीफ थाना क्षेत्र के नई सराय निवासी उमा शंकर उमरेषी (पिता अरुण प्रसाद) द्वारा दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पटना कार्यालय में आवेदन देकर यह आरोप लगाया था कि उनके बकाया एरियर का भुगतान करने के एवज में अवर सचिव अमोद मिश्रा द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। घूस की रकम न देने पर फाइल को अटका कर रखा गया था।
डीएसपी श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में बिछा जाल
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुप्त रूप से इसका सत्यापन कराया। ब्यूरो द्वारा कराए गए सत्यापन के क्रम में आरोपी अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का पुख्ता प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के पश्चात तत्काल निगरानी थाना कांड संख्या 079/26 अंकित कर अनुसंधानकर्ता श्याम बाबू प्रसाद (पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना) के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया।

रंगे हाथों दबोचा गया घूसखोर अफसर
योजना के मुताबिक, दिनांक 01.07.2026 को जैसे ही शिकायतकर्ता ने गर्दनीबाग के मिनिस्टर इन्क्लेव मोड़ के पास आरोपी अवर सचिव अमोद मिश्रा को 20,000 (बीस हजार) रुपये की केमिकल युक्त नोटों की गड्डी थमाई, वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी निगरानी की धावा दल ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से ब्यूरो मुख्यालय में गहन पूछताछ की गई है, जिसके बाद उसे पटना स्थित माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी) में उपस्थित किया जाएगा। ब्यूरो इस मामले में आगे की कानूनी और अनुसंधान की कार्रवाई कर रहा है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

