सकरा/सुजावलपुर: क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर स्थापित माँ शारदे की प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार को श्रद्धा और भावुकता के साथ संपन्न हुआ। ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष और नम आँखों के साथ छात्र-छात्राओं ने अपनी आराध्या को विदाई दी।

ए.पी.जे. पब्लिक स्कूल: गुरु-शिष्यों ने भारी मन से दी विदाई
ए.पी.जे. पब्लिक स्कूल में विसर्जन का दृश्य अत्यंत भावुक रहा। यहाँ प्राचार्य संतोष झा और निदेशक नीतेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में पूजन संपन्न हुआ। विसर्जन के समय शिक्षकों और छात्रों की आँखें भर आईं। इस मौके पर रोकरपाल सुनील कुमार, शिक्षक राजीव कुमार, आशीष झा और रवि वर्मा ने सहभागिता की। वहीं विदाई समारोह में छात्र आयुष, संजय, अनमोल, आदर्श और हिमांशु ने माँ के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया।
संत जोसेफ प्रे/पब्लिक स्कूल: भव्य आयोजन के बीच विसर्जन
सबहा स्थित संत जोसेफ प्रे/पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य पूजनोत्सव का समापन विसर्जन के साथ हुआ। विद्यालय के चेयरमैन प्रवीण कुमार, सचिव डॉ. अरविन्द कुमार, निदेशक सह कोषाध्यक्ष लालबाबू प्रसाद एवं प्राचार्य दीपक कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना की। मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच माँ सरस्वती की प्रतिमा को विसर्जित किया गया। इस दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

वेव वर्ल्ड पब्लिक स्कूल: बच्चों ने लिया ज्ञान का संकल्प
प्रगति मोड़ (सकरा) स्थित वेव वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मझौलिया में बच्चों द्वारा स्थापित आकर्षक प्रतिमा का विसर्जन पूरी रीति-रिवाजों के साथ किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अश्रुपूर्ण नेत्रों के साथ विद्या की देवी को विदा किया। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि विसर्जन केवल प्रतिमा का होता है, माता का आशीर्वाद और ज्ञान हमेशा उनके साथ रहेगा।

एक्सपर्ट कॉम्पिटेटिव क्लास: भविष्य की सफलता हेतु माँ से माँगा आशीर्वाद
सुजावलपुर रोड स्थित एक्सपर्ट कॉम्पिटेटिव क्लास में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्रों ने सफलता की कामना के साथ माँ सरस्वती की विशेष आराधना की। विसर्जन यात्रा के दौरान छात्र भावुक दिखे और सफलता के संकल्प के साथ नम आँखों से प्रतिमा का विसर्जन किया। यहाँ छात्रों ने माता से अपनी मेहनत को सार्थक करने का वरदान माँगा।




