पटना। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी और परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर कई बड़े और ऐतिहासिक ऐलान किए।

छात्राओं की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’ की होगी तैनाती
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की बेटियों और छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के तुरंत बाद बिहार के सभी स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती की जाएगी। पुलिस दीदी को स्कूटी मुहैया कराई जाएगी ताकि वे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मुस्तैद बना सकें। इसके साथ ही राज्य के सभी थानों में अभया ब्रिगेड का गठन किया गया है और 855 थानों में महिला हेल्प डेस्क 24 घंटे कार्यरत हैं।
वर्ष 2030 तक 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार का लक्ष्य
रोजगार के मोर्चे पर बड़ा रोडमैप पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 तक राज्य के 1 करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। युवाओं के सर्वांगीण विकास और निगरानी के लिए ‘बिहार युवा नीति’ बनाई जाएगी और ‘स्टेट यूथ कमीशन’ का गठन किया जाएगा।

शिक्षा क्षेत्र में बड़े सुधार: 17 अगस्त से ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ और 551 नए सरस्वती विद्या निकेतन
शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और परीक्षाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष तथा आधुनिक बनाने के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति एवं उच्चस्तरीय समिति का गठन किया जाएगा।
- छात्रों की समस्याओं और शिकायतों के 30 दिनों के भीतर निवारण के लिए 17 अगस्त से ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की शुरुआत हो रही है।
- कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 551 ‘सरस्वती विद्या निकेतन‘ (आदर्श विद्यालय) स्थापित किए जा रहे हैं, जहाँ IIT-JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
- राज्य के सभी 211 शेष प्रखंडों में एक साथ डिग्री कॉलेज शुरू किए गए हैं।
किसान कल्याण: 25 नई चीनी मिलें और हर खेत तक पानी
गन्ना किसानों की समृद्धि के लिए राज्य सरकार 25 नई चीनी मिलों की स्थापना कर रही है, जिनमें से 10 चीनी मिलें शुरू हो चुकी हैं और अगले 6 महीनों में 5 और मिलें शुरू होंगी। किसानों को सिंचाई के लिए सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। इसके अलावा, कोसी-मेची लिंक परियोजना (लागत 6282 करोड़ रुपये) पर काम तेज़ी से जारी है।
मोकामा में 10 एकड़ में बनेगा भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर
धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पटना जिले के मोकामा में 10 एकड़ भूमि पर ‘तिरुपति बालाजी ट्रस्ट’ द्वारा भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर का निर्माण कराया जाएगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक क्रांति
स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए प्रखंड स्तर के 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को स्पेशलिटी अस्पताल और जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में बदला जा रहा है। 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को घर पर ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही बिहार सरकार स्वास्थ्य योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों एवं पेंशनधारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा दी गई है।
शहरों का आधुनिक विकास: 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप
सुव्यवस्थित शहरीकरण के लिए राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप (पाटलिपुत्र, हरिहरनाथपुर, मगध, मिथिला, कोसी, पुनरुन्देवी, अंग, तिरहुत, सारण, विक्रमशिला, सीतापुरम और देहरी) विकसित की जाएंगी, जिसके लिए HUDCO के साथ 1 लाख करोड़ रुपये का समझौता हुआ है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

