ताजपुर/समस्तीपुर : बिहार की सियासत में हलचल पैदा करने और जनमुद्दों को धार देने के लिए भाकपा-माले ने कमर कस ली है। आगामी 16 से 18 मई 2026 तक लहेरियासराय प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाले 12वें बिहार राज्य सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए रविवार को कार्यकर्ताओं ने ताजपुर की सड़कों पर उतरकर पोस्टर जारी किया और सघन प्रचार अभियान चलाया।

किसानों-मजदूरों की आवाज बनेगा यह महामंच
अभियान के दौरान पार्टी नेताओं ने हुंकार भरते हुए कहा कि यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सत्ता की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक निर्णायक जंग का आगाज है। सम्मेलन में:
- किसानों और मजदूरों के हक की आवाज बुलंद की जाएगी।
- नौजवानों के रोजगार और भविष्य पर व्यापक रणनीति बनेगी।
- जनसंघर्षों को तेज कर संगठन को फौलादी मजबूती दी जाएगी।

चौक-चौराहों पर गूंजा इंकलाब
प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाजार और विभिन्न चौक-चौराहों पर पोस्टर चस्पा कर आम जनता से इस सम्मेलन में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। नेताओं ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में यह आंदोलन गांव-गांव तक पहुंचेगा।
इस अभियान में मुख्य रूप से प्रखंड कमिटी सदस्य आसिफ होदा, मो० एजाज, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो, चांद बाबू, शाद तौहीदी, बस्साम तौहीदी, संजीव राय और मो० रहमान सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता जोश के साथ शामिल हुए।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


