हथियारबंद बदमाशों ने CMS वैन से ₹27 लाख लूटे, कंपनी की लापरवाही पर पुलिस सख्त

गोपालपुर में फिल्मी अंदाज में वारदात: 5 बाइक सवार डकैतों ने घेरी कैश वैन; न ताला बंद था, न शीशे चढ़े थे, पुलिस ने कहा- यह डकैती है!

पटना | 13 मई, 2026 राजधानी के गोपालपुर थाना क्षेत्र में आज दिनदहाड़े अपराधियों ने पुलिस की चौकसी को चुनौती देते हुए सीएमएस (CMS) कंपनी की कैश वैन से 27 लाख रुपये लूट लिए। वारदात उस वक्त हुई जब कंपनी की गाड़ी दुकानों और मॉल्स से कैश कलेक्शन कर लौट रही थी। हथियारबंद अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में बाइक से आकर वैन को रोका और चंद मिनटों में डकैती डालकर फरार हो गए।

घटनास्थल पर मुस्तैद: गोपालपुर में कैश वैन लूट कांड के बाद मीडिया को जानकारी देते सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार। उन्होंने कंपनी की लापरवाही को भी वारदात की बड़ी वजह बताया।

लापरवाही की हद: खुला था सेफ, गिरा था शीशा

घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में कंपनी की ओर से सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी सामने आई है। सिटी एसपी ने बताया कि “प्रथम दृष्टया गाड़ी के शीशे नीचे गिरे हुए थे और गेट भी अंदर से लॉक नहीं था। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस सेफ (तिजोरी) में 27 लाख रुपये रखे थे, उसका ताला भी बंद नहीं किया गया था।”

बिना पुलिस सूचना के खतरनाकरास्ते से ले जा रहे थे कैश

जांच में यह भी पाया गया कि कंपनी ने इतनी बड़ी रकम ले जाने की सूचना स्थानीय थाने को नहीं दी थी। साथ ही, वैन का रूट भी संदिग्ध पाया गया है। एक पतली और ग्रामीण सड़क से कैश वैन ले जाने पर पुलिस ने सवाल उठाए हैं। सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन न करने के लिए कंपनी को शो-कॉज‘ (कारण बताओ नोटिस) जारी किया जा रहा है।

पुलिस की कार्रवाई तेज

  • वैज्ञानिक साक्ष्य: घटनास्थल से एफएसएल और तकनीकी विशेषज्ञों ने साक्ष्य जुटाए हैं।
  • CCTV खंगाल रही टीम: पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और बाइक सवार 5 अपराधियों के भागने के रूट का विश्लेषण कर रही है।
  • पूछताछ: वैन में मौजूद गनमैन, ड्राइवर और कस्टोडियन से गहन पूछताछ जारी है।

“पांच अपराधियों द्वारा हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया गया है, इसलिए इसे ‘डकैती’ की श्रेणी में रखकर अनुसंधान किया जा रहा है। हम जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज देंगे।” — परिचय कुमार, सिटी एसपी (पूर्वी), पटना

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here