मुजफ्फरपुर जंक्शन पर सनसनीखेज वारदात: चलती ट्रेन से यात्री को  चाकू की नोक पर अपहरण की कोशिश नाकाम, कुख्यात समेत दो गिरफ्तार!

मुजफ्फरपुर: रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेल पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और यात्री की जान बाल-बाल बच गई। पुलिस ने मौके से कुख्यात अपराधी समेत दो आरोपियों को दबोच लिया है, जिनके पास से चाकू, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी सहित कई अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

मुजफ्फरपुर जंक्शन पर यात्री के अपहरण के प्रयास को नाकाम करते हुए गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों के साथ कार्रवाई करने वाली रेल पुलिस टीम।

क्या है पूरा मामला?

घटना 09 नवंबर 2026 की है। बेगूसराय जिला के चकिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्ही पुर निवासी सुजल कुमार (उम्र-22 वर्ष, पिता-विनोद सिंह) बरौनी से नई दिल्ली जाने के लिए क्लोन एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-02563) के कोच संख्या B-7 की सीट संख्या-17 पर सवार होकर यात्रा कर रहे थे।

जैसे ही ट्रेन मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर रुकी, वैशाली जिले के विदपुर थाना अंतर्गत पकोली गांव निवासी कुणाल कुमार उर्फ दिवानी (उम्र-25 वर्ष, पिता-स्व० सीताराम सिंह) और करमोपुर निवासी मनीष कुमार सिंह (उम्र-30 वर्ष, पिता-तारेश्वर सिंह) ट्रेन के डिब्बे में घुस आए। दोनों ने यात्री सुजल कुमार को चाकू दिखाकर जबरन नीचे उतार लिया और चुपचाप साथ चलने का दबाव बनाते हुए अपहरण कर ले जाने लगे।

पुलिस की मुस्तैदी से ब बची जान

अपहरणकर्ताओं के चंगुल में फंसे यात्री ने जब प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर तैनात पुलिस कर्मियों को देखा, तो उसने हिम्मत जुटाकर शोर मचा दिया। आवाज सुनते ही मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा।

पुरानी रंजिश और वर्चस्व की बात आई सामने

पीड़ित यात्री सुजल कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मुख्य आरोपी कुणाल कुमार उर्फ दिवानी उसके गांव का ही रहने वाला है और एक कुख्यात अपराधी है। कुणाल पर पहले भी गांव में गोली मारकर हत्या करने का प्रयास करने जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। सुजल के अनुसार, आरोपी मल्हीपुर में एनएच के पास ‘धमाल ढाबा’ नाम से होटल चलाता है। कुणाल अक्सर उनके होटल पर आकर रंगदारी मांगता था, जिसे देने से इनकार करने पर उसने आज ट्रेन से खींचकर अपहरण करने और जान से मारने की नीयत से यह साजिश रची थी।

गिरफ्तार अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस जांच में मुख्य आरोपी कुणाल कुमार उर्फ दिवानी का लंबा और खतरनाक आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसपर विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं:

  • बेगूसराय चकिया थाना कांड संख्या-77/20 (धारा-341, 379, 307, 34 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट)
  • बेगूसराय नगर थाना कांड संख्या-669/21 (धारा-309 भादवि)
  • वैशाली विदपुर थाना कांड संख्या-649/22 (धारा-147, 148, 149, 341, 323, 337, 338, 307, 353, 354(D), 504, 506 भादवि एवं उत्पाद अधिनियम)
  • वैशाली विदपुर थाना कांड संख्या-557/25 (धारा-103(1), 61(2)/3(5) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट, जिसमें वह फरार चल रहा था)
  • वैशाली विदपुर थाना कांड संख्या-495/26, सदर थाना कांड संख्या-600/26 व 70/20 तथा बेगूसराय नगर थाना कांड संख्या-629/21 के तहत कई अन्य गंभीर मामले

बरामदगी और जब्ती

पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामान विधिवत जब्ती सूची तैयार कर जब्त किया है:

  • कुणाल कुमार उर्फ दिवानी के पास से: यात्रा टिकट (2 पीस), 2,270 रुपये नकद, एसबीआई का एटीएम कार्ड, रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन और होंडा कंपनी की मोटरसाइकिल की चाबी।
  • मनीष कुमार सिंह के पास से: होंडा कंपनी की मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर- BR31B-H0160), एक धारदार चाकू (लगभग 2.5 इंच ब्लेड), एक चांदी जैसी सिकड़ी, 500 रुपये नकद युक्त काला पर्स, विभिन्न बैंकों के एटीएम/डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, और एयरटेल-जिओ सिम लगा ओप्पो टच स्क्रीन मोबाइल फोन।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी व कर्मी

इस पूरी सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में निम्नलिखित कर्मी शामिल रहे:

  • बीरबल कुमार राय (पुअनि सह थानाध्यक्ष, रेल थाना मुजफ्फरपुर)
  • राम नरेश प्रसाद यादव (पुअनी, रेल थाना मुजफ्फरपुर)
  • रिंकू कुमार (पीजीटींसी/250, रेल थाना मुजफ्फरपुर)
  • अनिल कुमार राजभर (टीसी/013, रेल थाना मुजफ्फरपुर)

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here