पटना। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। लोक सेवक आवास (1 अणे मार्ग) स्थित ‘संकल्प’ सभागार में सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट और कड़े लहजे में निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुँचे, साथ ही बिहार की छवि से खिलवाड़ करने वालों पर तुरंत लगाम कसी जाए।

सोशल मीडिया पर झूठ फैलाने वालों पर गिरेगी गाज
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि किसी प्लेटफॉर्म पर राज्य सरकार के खिलाफ कोई तथ्यहीन, भ्रामक या नकारात्मक खबर प्रसारित होती है, तो विभाग मूकदर्शक न बना रहे। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसी खबरों का पूर्ण तथ्यों के साथ तुरंत खंडन किया जाए ताकि जनता के बीच कोई गलत संदेश न जाए।
बिहार की ‘ब्रांडिंग‘ पर जोर: देश-दुनिया जानेगी बिहार का गौरव
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक उपलब्धियों को वैश्विक पटल पर रखने की बात कही। उन्होंने कहा:
- बिहार की खासियत, उपलब्धियां और यहाँ हो रहे बदलावों की जानकारी राज्य के बाहर के लोगों को भी सुगमता से मिलनी चाहिए।
- जिलों के महत्वपूर्ण स्थलों और आधारभूत संरचनाओं की जानकारी जिलावार डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो।
- जनता के फीडबैक, सुझाव और शिकायतों पर सरकार की पैनी नजर होनी चाहिए ताकि शासन में पारदर्शिता बनी रहे।

सचिव ने पेश किया भविष्य का रोडमैप
बैठक में विभाग के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह ने वर्तमान कार्यों की अद्यतन स्थिति और आगामी कार्ययोजनाओं का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। उन्होंने बताया कि विभाग तकनीक के माध्यम से जनता और सरकार के बीच की दूरी कम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

