जाते-जाते तीन जिंदगी रोशन कर गया पटना का मोनू, माता-पिता के इस जिगर के टुकड़े ने कर दिया कमाााल,,

सड़क हादसे में उजड़ चुकी थी दुनिया, पर परिजनों के एक साहसिक फैसले ने तीन घरों में फिर से लौटा दी खुशियां

पटना: बिहार की राजधानी पटना से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत और संवेदना की एक नई मिसाल पेश की है। सड़क दुर्घटना में जिंदगी की जंग हार चुके 16  वर्षीय मोनू कुमार ने दुनिया से जाने के बाद भी तीन अन्य जरूरतमंद मरीजों की जिंदगियों में उजियारा भर दिया। ब्रेन डेड घोषित किए जाने के बावजूद मोनू के परिजनों द्वारा लिए गए एक साहसिक और ऐतिहासिक फैसले के कारण आज तीन लोगों को नया जीवन मिल सका है।

पटना के आईजीआईएमएस और एम्स के ऑपरेशन थिएटर में सफल अंग प्रत्यारोपण के बाद डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीम, जिनके संयुक्त प्रयासों से ब्रेन डेड मोनू कुमार के अंगों को तीन जरूरतमंद मरीजों में सफलतापूर्व प्रत्यारोपित किया गया।

सड़क हादसे के बाद टूटा दुखों का पहाड़

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिनों पटना के रहने वाले 16  वर्षीय मोनू कुमार एक भीषण सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत इलाज के लिए पटना स्थित आईजीआईएमएस (IGIMS) में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया। परिवार के लिए यह किसी वज्रपात से कम नहीं था, लेकिन इस असहनीय और विकट परिस्थिति में भी मोनू के परिजनों ने असाधारण साहस और दरियादिली का परिचय दिया।

परिजनों का महादान: लिवर और दोनों किडनी दान करने का फैसला

दुख के इस सागर में भी परिजनों ने स्वेच्छा से मोनू का लिवर एवं दोनों किडनी दान करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। जैसे ही यह मामला स्वास्थ्य मंत्री निशांत के संज्ञान में आया, उन्होंने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए आईजीआईएमएस, पटना के निदेशक और लिवर ट्रांसप्लांट विभाग के विभागाध्यक्ष को अंगदान प्रक्रिया में आने वाले सभी आवश्यक खर्चों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, पूर्व घोषित निर्णय के अनुरूप बिहार सरकार की तरफ से लिवर ट्रांसप्लांट पर प्रति मरीज 15 लाख रुपये का अनुदान उपलब्ध कराने की भी पूरी व्यवस्था की गई।

तीन अलग-अलग मरीजों को मिला नया जीवन

मोनू कुमार के इस महादान से तीन जरूरतमंद मरीजों को पुनर्जीवन प्राप्त हुआ है:

  • आईजीआईएमएस, पटना में एक 19 वर्षीय युवती का सफल लिवर प्रत्यारोपण किया गया।
  • एक अन्य जरूरतमंद मरीज का किडनी प्रत्यारोपण आईजीआईएमएस, पटना में ही संपन्न हुआ।
  • एक अन्य मरीज का सफल किडनी प्रत्यारोपण एम्स , पटना में किया गया।

कई चिकित्सा संस्थानों और समितियों का रहा संयुक्त प्रयास

इस जटिल और संवेदनशील प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम देने में कई प्रतिष्ठित संस्थानों और समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसमें आईजीआईएमएस की ब्रेन डेथ कमेटी, सॉट्टो  बिहार, नॉट्टो  दिल्ली, रोट्टो  कोलकाता तथा आईजीआईएमएस एवं एम्स, पटना की विशेष चिकित्सकीय टीमें शामिल रहीं।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने दी बधाई और परिजनों को किया नमन

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स  पर ट्वीट कर इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी साझा की और इस पुनीत कार्य को सफल बनाने वाली पूरी चिकित्सकीय टीम को हार्दिक बधाई दी। साथ ही, उन्होंने मोनू कुमार के परिजनों के इस साहसिक और मानवता से परिपूर्ण निर्णय को सादर नमन करते हुए कहा कि अंगदान महादान है और एक व्यक्ति का अंगदान कई जिंदगियों को नई उम्मीद दे सकता है। अंत में उन्होंने दिवंगत मोनू कुमार की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here