भगवानपुर-समस्तीपुर वाया महुआ-ताजपुर नई रेल लाइन परियोजना को मिली रफ्तार, 1.47 करोड़ से होगा अंतिम लोकेशन सर्वे!

उत्तर बिहार के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, मुजफ्फरपुर का चक्कर लगाए बिना सीधे पटना का सफर होगा आसान!

वैशाली/समस्तीपुर: उत्तर बिहार के विकास और रेल यात्रियों की सुविधाओं को विस्तार देने की दिशा में एक ऐतिहासिक और जोरदार कदम उठाया गया है। रेलवे बोर्ड द्वारा बहुप्रतीक्षित भगवानपुर–समस्तीपुर वाया महुआ–ताजपुर 49 किलोमीटर नई रेल लाइन परियोजना के लिए अंतिम लोकेशन सर्वेक्षण (FLS) की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए रेलवे बोर्ड ने ₹1.47 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के धरातल पर उतरने से समस्तीपुर समेत पूरे उत्तर बिहार के लोगों का सफर बेहद सुगम होने जा रहा है।

नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर भगवानपुर-समस्तीपुर नई रेल लाइन परियोजना के सर्वेक्षण के लिए कागजात सौंपते हुए बिहार सरकार के मंत्री एवं महुआ विधायक संजय सिंह।

अब मुजफ्फरपुर जाने की मजबूरी खत्म, सीधे पटना पहुंचेंगे यात्री

इस नई 49 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के बनने से क्षेत्र के यात्रियों को मुजफ्फरपुर का लंबा चक्कर लगाए बिना सीधे भगवानपुर-हाजीपुर के रास्ते पटना जाने की शानदार सुविधा मिलेगी। इससे न सिर्फ यात्रा की दूरी घटेगी, बल्कि समय और पैसे दोनों की भारी बचत होगी। यह रूट वैशाली के भगवानपुर से शुरू होकर महुआ और ताजपुर होते हुए समस्तीपुर (कर्पूरीग्राम) तक जुड़ेगा।

विधानसभा में भी गूंजा था मुद्दा, पातेपुर को जोड़ने की उठी थी जोरदार मांग

इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना को लेकर जनप्रतिनिधियों की सक्रियता लगातार बनी हुई है। इससे पूर्व पातेपुर के विधायक लखेंद्र कुमार रोशन ने भी इस प्रस्तावित रेल रूट में पातेपुर को जोड़ने की मांग बिहार विधानसभा के पटल पर काफी प्रमुखता से उठाई थी। क्षेत्र की बड़ी आबादी को सीधे रेल नेटवर्क से जोड़ने के उद्देश्य से उठाई गई इस मांग को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी उम्मीदें जगी हैं, जिससे पूरे इलाके के व्यापार और आवागमन को नई गति मिलने की संभावना है।

दिल्ली तक चली थी मंत्रियों की दौड़, रंग लाई कोशिशें

क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और महुआ की जनता की पुरानी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए बिहार सरकार के मंत्री और महुआ विधायक संजय सिंह ने हाल ही में राजधानी दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना के सर्वेक्षण कार्य को जल्द से जल्द शुरू कराने का पुरजोर आग्रह किया था, जिसके बाद रेलवे बोर्ड ने तत्परता दिखाते हुए फाइनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी दे दी है।

सांकेतिक (प्रतीकात्‍मक) तस्‍वीर
भगवानपुर–समस्तीपुर वाया महुआ–ताजपुर 49 किलोमीटर नई रेल लाइन परियोजना के लिए अंतिम लोकेशन सर्वेक्षण (FLS) की आधिकारिक स्वीकृति पत्र

नेतृत्व का आभार और जनता में खुशी की लहर

सर्वेक्षण की स्वीकृति मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस बड़ी उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया है। जनप्रतिनिधियों ने दोटूक कहा है कि महुआ और उत्तर बिहार के विकास के लिए उनके प्रयास आगे भी निरंतर और तेजी से जारी रहेंगे।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here