झारखंड के गिरिडीह में गरजेगा खेग्रामस, समस्तीपुर से जाएंगे 20 प्रतिनिधि!

समस्तीपुर, 05 नवम्बर 2026: माले जिला कार्यालय, मालगोदाम चौक, समस्तीपुर में खेग्रामस जिला कमिटी की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक उपेन्द्र राय की अध्यक्षता तथा जीवछ पासवान के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में आगामी राष्ट्रीय और जिला सम्मेलनों को लेकर रणनीति तय की गई, साथ ही केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला गया।

शोक सभा से हुई बैठक की शुरुआत

बैठक की शुरुआत में पार्टी पॉलित ब्यूरो सदस्य एवं पार्टी के संस्थापकों में से एक स्वदेश भट्टाचार्य, समस्तीपुर जिला कमिटी सदस्य फूलेन्द्र प्रसाद सिंह, एवं खेग्रामस जिला व राज्य कमिटी सदस्य सुशील कुमार के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

समस्तीपुर स्थित माले जिला कार्यालय में खेग्रामस की जिला कमिटी की बैठक को संबोधित करते राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यदेव राम व अन्य उपस्थित नेतागण।

मोदी सरकार पर फूटा गुस्सा: 12 साल की हुकूमत मेहनतकशों पर सबसे बड़ी त्रासदी

बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित खेग्रामस राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यदेव राम ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने  कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल देश के लिए और खासकर मेहनतकशों के लिए पूरी तरह त्रासदी से भरे रहे हैं। खेती-किसानी पर लगातार हमले किए जा रहे हैं, रोजी-रोटी, रोजगार, शिक्षा और शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाया जा रहा है। देश में लाखों परिवारों को उजाड़ दिया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि न्यूनतम मजदूरी को बेहद कम रखकर ठेका, नियोजन, संविदा और आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत लाखों कर्मियों की अरबों-खरबों की मजदूरी की लूट की जा रही है, जो इतिहास की सबसे बड़ी लूट के रूप में दर्ज हो रही है। इन तमाम मजदूर-विरोधी परिस्थितियों से निपटने के लिए ही झारखंड के गिरिडीह में आगामी 21-22 नवंबर को खेग्रामस का 8वां राष्ट्रीय सम्मेलन होने जा रहा है, जिसमें खेत मजदूरों की समस्याओं के निदान हेतु ठोस कार्यक्रम बनाए जाएंगे।

दिसंबर में होगा जिला सम्मेलन, घेरा डालो डेरा डालो आंदोलन होगा तेज

बैठक के दौरान यह घोषणा की गई कि दिसंबर माह में खेग्रामस का जिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही, रोसड़ा अनुमंडल कार्यालय के समक्ष वर्तमान में चल रहे ‘घेरा डालो डेरा डालो’ कार्यक्रम को और अधिक मजबूत और धारदार बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में विशेष रूप से यह जानकारी दी गई कि समस्तीपुर से कुल बीस प्रतिनिधि झारखंड के गिरिडीह में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने के लिए जाएंगे।

बैठक में प्रभात रंजन गुप्ता, तनजय प्रकाश, अर्जुन दास, संजीत पासवान, अवधेश दास, रमेश महतो, पांचू राम, मो. आले, विरेन्द्र राम, सोमा देवी, बैद्यनाथ राम, बृजू पासवान आदि ने अपने-अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here