पटना नगर निगम म्युनिसिपल बॉन्ड की लिस्टिंग हेतु महापौर सीता साहू की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
पटना : पटना नगर निगम ने वित्तीय विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और धमाकेदार कदम उठाया है। राजधानी के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से पटना नगर निगम म्युनिसिपल बॉन्ड की लिस्टिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। इस खास उपलक्ष्य में पटना नगर निगम के सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता महापौर सीता साहू ने की।

बैठक के दौरान नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि म्युनिसिपल बॉन्ड के बाजार में उतरने से पटना शहर के बुनियादी ढांचे, विकास योजनाओं और नागरिक सुविधाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी। इस कदम से निगम न केवल वित्तीय रूप से अधिक सक्षम और आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी जैसी समस्याओं से भी निजात मिलेगी।

इस बॉन्ड से मिलने वाली राशि का उपयोग शहर में पंद्रह नए वेंडिंग जोन विकसित करने और पटना जंक्शन के आसपास के बाजारों के पुनर्विकास कार्य में किया जाएगा। इस म्युनिसिपल बॉन्ड पर नौ दशमलव दो शून्य (9.20) प्रतिशत सालाना ब्याज निर्धारित किया गया है। इस वित्तीय पहल के तहत पटना नगर निगम को केंद्र सरकार की ओर से करीब छब्बीस करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्राप्त होगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में निगम के कई प्रमुख पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अपनी गहरी संतोषजनक प्रतिक्रिया व्यक्त की और भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा तैयार की।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’ के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

