10 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा गया घूसखोर शिक्षक-सह-समन्वयक, निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन!

औरंगाबाद / पटना: शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। औरंगाबाद जिले के बारूण स्थित केशव उच्च विद्यालय के शिक्षक-सह-समन्वयक को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने 10,000 (दस हजार) रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई स्कूल परिसर के खेल-कूद कक्ष से की गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मार्कशीट और सर्टिफिकेट के एवज में मांगी थी रिश्वत

निगरानी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मखरा (थाना- जम्होर, जिला- औरंगाबाद) निवासी संतोष कुमार (पिता- प्रमेश्वर कुमार) ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी ने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी ने बिहार मुक्त विद्यालय शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबीओएसई) के अंतर्गत केशव उच्च विद्यालय, बारूण से 10वीं की परीक्षा पास की है। परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद जब वह अपनी पत्नी का अंक-पत्र (मार्कशीट), एसएलसी (SLC) और मूल प्रमाण पत्र लेने पहुँचे, तो शिक्षक-सह-समन्वयक शशिभूषण लाल द्वारा प्रमाण पत्र देने के एवज में पैसों की अनुचित मांग की जा रही थी।

औरंगाबाद के केशव उच्च विद्यालय, बारूण से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार शिक्षक-सह-समन्वयक शशिभूषण लाल (लाल घेरे में) को अपनी हिरासत में लेकर ले जाती निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की धावा टीम।

सत्यापन के बाद हुई जालसाजी का पर्दाफाश

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की गुप्त जाँच कराई। जाँच एवं सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण सही पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप की पुष्टि होने के बाद 12.08.2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 097/26 दर्ज किया गया।

डीएसपी के नेतृत्व में बिछाया गया जाल

मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक अमन आनन्द के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक रिशिता स्नेह के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया। 13.08.2026 को निगरानी ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से केशव उच्च विद्यालय, बारूण में दबिश दी। जैसे ही आरोपी शिक्षक-सह-समन्वयक शशिभूषण लाल ने खेल-कूद कक्ष में 10,000 रुपये की रिश्वत की राशि हाथ में ली, घात लगाकर बैठी निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों धर दबोचा।

विशेष न्यायालय में होगी पेशी

गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से सघन पूछताछ की गई। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को पटना स्थित माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी) में उपस्थापित किया जाएगा। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो मामले की अग्रतर अनुसंधान कार्रवाई में जुटा है।

अन्‍य खबरों  के लिए नीचे  ’न्‍यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,

||  https://newsbharattv.in  ||

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here