दरियापुर भट्टी में नए केंद्र का उद्घाटन, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा- हर व्यक्ति को निकट ही मिलेगी सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा
पटना। बिहार की राजधानी को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने दरियापुर भट्टी के पास पटना के सबसे बड़े शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विधि-विधान से उद्घाटन किया। इस नए और आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से स्थानीय निवासियों को अब अपने घर के नजदीक ही सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

अस्पतालों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, मंत्री खुद करेंगे मॉनिटरिंग उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी सरकारी अस्पतालों में सीसीटीवी (क्लोज्ड सर्किट टेलीविजन) कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों के जरिए अस्पतालों की व्यवस्था, डॉक्टरों की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की वे खुद सीधी निगरानी (मॉनिटरिंग) करेंगे, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा : नव निर्मित बिल्डिंग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की भविष्य की कार्ययोजना पर मिडिया से बात करते हुए , विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, यही सरकार का मुख्य प्रयास है। दरियापुर भट्टी का यह केंद्र एक मॉडल के रूप में काम करेगा, जहां प्राथमिक उपचार से लेकर जरूरी जांच तक की सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित होंगी। उद्घाटन के बाद मंत्री ने केंद्र के भीतर विभिन्न वार्डों, ओपीडी (आउट पेशेंट डिपार्टमेंट) और दवाई वितरण कक्ष का निरीक्षण किया और डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


