ताजपुर/समस्तीपुर | 10 मई 2026
बिहार की राजनीति में अपनी पैठ मजबूत कर रही भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन ने सत्ता की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है। आगामी 16 से 18 मई तक दरभंगा के लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित होने वाले 12वें बिहार राज्य सम्मेलन को पार्टी एक ‘राजनैतिक महाकुंभ’ के रूप में देख रही है। इसी ऐतिहासिक आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए रविवार को ताजपुर प्रखंड में सघन जनसंपर्क और कोष संग्रह अभियान चलाकर समर्थन जुटाया गया।

गांधी प्रतिमा से शुरू हुआ संघर्ष का संकल्प
अभियान की शुरुआत भाकपा माले प्रखंड कमिटी, ताजपुर के बैनर तले गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल से हुई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बापू को नमन कर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और दमनकारी नीतियों के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया। हाथों में लाल झंडे और सम्मेलन की सफलता की अपील वाले बैनर लिए कार्यकर्ताओं का जत्था जब बाजार की सड़कों पर निकला, तो आम लोगों ने भी रुक-रुक कर उनकी बातों को सुना और अपना सहयोग दिया।
मजदूर-किसानों के मुद्दों पर होगी ‘सर्जिकल स्ट्राइक‘
कोष संग्रह के दौरान उपस्थित नेताओं ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि दरभंगा में होने वाला यह सम्मेलन केवल एक सांगठनिक बैठक नहीं है, बल्कि यह मजदूर, किसान, छात्र और नौजवानों के उन बुनियादी सवालों का हल ढूँढने का मंच है, जिन्हें सरकार ने हाशिए पर डाल दिया है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि इस सम्मेलन के माध्यम से जनसंघर्षों को और अधिक धार देने के लिए एक ठोस एवं निर्णायक रणनीति तैयार की जाएगी।

जनता से मिला भरपूर समर्थन
ताजपुर के व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने माले के इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने लोगों को सम्मेलन के उद्देश्यों के बारे में बताया और अपील की कि वे तन-मन-धन से इस आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दें। पार्टी के अनुसार, जनता से मिल रहा यह सहयोग इस बात का प्रमाण है कि लोग बदलाव चाहते हैं।
प्रमुख साथियों की उपस्थिति
इस अभियान को सफल बनाने में पार्टी और विभिन्न जनसंगठनों के वरिष्ठ नेताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। मौके पर मुख्य रूप से:
- ब्रहमदेव प्रसाद सिंह
- आसिफ होदा
- मो० एजाज
- संजीव कुमार राय
- राजदेव प्रसाद सिंह
- शंकर महतो
- मो० शकील, शाद तौहीदी, बस्साम तौहीदी, मो० रहमान, चांद बाबू समेत दर्जनों उत्साहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||


