सकरा (मुजफ्फरपुर)। आगामी चुनावों की आहट से पहले ही सकरा प्रखण्ड में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सकरा प्रखण्ड कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में आयोजित ‘संगठन सृजन साथी‘ सदस्यता अभियान के माध्यम से पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपनी ताकत झोंक दी है। सकरा के पूर्व प्रत्याशी उमेश कुमार राम के नेतृत्व एवं प्रखण्ड अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में कांग्रेस ने अपनी भविष्य की रणनीति साफ कर दी है।

बूथ स्तर पर मजबूती ही जीत की कुंजी: अरविन्द मुकुल
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुजफ्फरपुर जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अरविन्द कुमार मुकुल ने कार्यकर्ताओं को ‘मिशन मोड’ में काम करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट कहा, “पार्टी को पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक अभेद्य किले के रूप में तब्दील करना है। हमारा मूलमंत्र है— बूथ जीतो, चुनाव जीतो।” उन्होंने पर्यवेक्षक रवि रंजन कुमार के साथ मिलकर उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पार्टी की सदस्यता लेने की अपील की।
बच्चों के भविष्य के लिए कांग्रेस जरूरी: उमेश राम
सकरा के पूर्व प्रत्याशी उमेश कुमार राम ने केंद्र और राज्य की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज देश में दलितों, पिछड़ों, वंचितों और युवाओं के हितों की रक्षा केवल कांग्रेस ही कर सकती है। उन्होंने भावुक स्वर में कहा, “यह सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि आपके बच्चों के सुरक्षित भविष्य की गारंटी है। अपने हक और अधिकार के लिए कांग्रेस के हाथ को मजबूत करें।”

क्षेत्रीय नेताओं की रही भारी मौजूदगी
इस अवसर पर सदस्यता लेने के लिए लोगों में उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पर्यवेक्षक रवि रंजन कुमार, अनीता देवी, शिवम कुमार, मो० सागिर, रेहाना खातून, डॉ० मनीष यादव, मो० हैदर रजक, सरोज कुमार उर्फ हरी यादव, मो० जसीम अहमद और नुनू राय सहित भारी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
अन्य खबरों के लिए नीचे ’न्यूज भारत टीवी ’के लिंक पर क्लिक करें,
|| https://newsbharattv.in ||

