मुजफ्फरपुर: धरती की घटती उम्र और बढ़ते तापमान के दौर में मुजफ्फरपुर के महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय (MDDM College) से एक सशक्त संदेश निकलकर सामने आया है। बुधवार 22 अप्रैल 2026 को जंतु विज्ञान विभाग में ‘पृथ्वी दिवस’ (Earth Day) के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने न केवल अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की कमान खुद अपने हाथों में थाम ली।

“हमारी शक्ति, हमारी पृथ्वी” का लिया संकल्प कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय का पूरा परिसर पर्यावरण के नारों से गूंज उठा। छात्राओं ने पोस्टर प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर यह स्पष्ट कर दिया कि “हरे भरे पौधे ही हमारी ताकत है।” कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्या डॉ. (प्रो.) अलका जायसवाल ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि, “पृथ्वी हम सबकी मां है और इसे बचाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। विकास की दौड़ में हमें प्रकृति को भूलना नहीं चाहिए।”
विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम की संयोजक डॉ. अर्चना गुप्ता ने बेहद संजीदगी के साथ कहा कि, “पृथ्वी की रक्षा ही वास्तव में हमारी अपनी रक्षा है।” उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज लगाए गए पौधे ही कल की असली पूंजी हैं।

“पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में एमडीडीएम कॉलेज परिसर में आयोजित वृक्षारोपण अभियान के दौरान एक अत्यंत प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम में प्राचार्या डॉ. (प्रो.) अलका जायसवाल के कुशल नेतृत्व में अन्य शिक्षकगण और छात्राओं में अभूतपूर्व उत्साह नजर आया। सभी ने मिलकर न केवल परिसर में नए पौधे रोपे, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता को भी दर्शाया। यह दृश्य न केवल धरती को हरा-भरा बनाने के संकल्प को प्रदर्शित करता है, बल्कि कॉलेज के सामूहिक प्रयास और पर्यावरण के प्रति युवा पीढ़ी की जागरूकता का भी प्रमाण है।”

छात्राओं के जोश ने भरा रंग : प्रतियोगिता और वृक्षारोपण के दौरान पीजी और यूजी की छात्राओं का जोश देखते ही बन रहा था। उन्होंने पोस्टर के माध्यम से पर्यावरण प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और वृक्षारोपण के महत्व को बेहद प्रभावी तरीके से पेश किया। इस विशेष अवसर पर डॉ. देवश्रुति, डॉ. वर्षा, डॉ. स्मिता समेत महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, शिक्षिकाएं और शिक्षकेतर कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. पल्लवी कुमारी ने किया।




