BSEB का ‘अष्टक’: लगातार 8वीं बार देश में सबसे पहले इंटर का रिजल्ट जारी कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

ब्लॉकचेन तकनीक और 25 दिनों के रिकॉर्ड मूल्यांकन से बिहार बोर्ड ने रचा नया इतिहास; कुल 85.19% सफल, 19 छात्राओं ने टॉप-26 में बनाई जगह,

पटना | मुख्य संवाददाता | बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बी एस ई बी) ने एक बार फिर पूरे देश में कीर्तिमान स्थापित करते हुए सोमवार, 23 मार्च 2026 को इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नतीजों की घोषणा की। इस वर्ष कुल 85.19% परीक्षार्थी सफल रहे हैं। बिहार बोर्ड लगातार आठवें साल देश का पहला ऐसा बोर्ड बन गया है, जिसने सत्र समाप्त होने से पहले ही परीक्षा फल प्रकाशित कर दिया है।

इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा, 2026 का परीक्षाफल जारी करते बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनन्द किशोर एवं बिहार के शिक्षा मंत्री, सुनील कुमार (बायेंसे)  

नीतीश सरकार के महिला सशक्तिकरण का असर

नतीजों की सबसे बड़ी विशेषता छात्राओं का शानदार प्रदर्शन रहा। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 2005 से शुरू किए गए महिला सशक्तिकरण के प्रयासों का प्रतिफल आज परिणामों में दिख रहा है।

  • छात्राओं का पास प्रतिशत: 86.23%
  • छात्रों का पास प्रतिशत: 84.09%

विशेष बात यह है कि कुल 26 टॉपर्स में से 19 लड़कियां हैं, जो यह दर्शाता है कि सूबे की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।


मेधावी सूची : संकायवार चमकते सितारे

बोर्ड ने तीनों संकायों (विज्ञान, कला और वाणिज्य) के टॉपर्स की सूची जारी की है। इस वर्ष विज्ञान में छात्र ने, जबकि कला और वाणिज्य में छात्राओं ने सूबे में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

1. विज्ञान संकाय

स्थाननामजिला/स्कूलअंकप्रतिशत
प्रथमआदित्य प्रकाश अमनउच्च माध्यमिक विद्यालय, पांड (समस्तीपुर)48196.20%
द्वितीयसाक्षी कुमारीसीतामढ़ी479–
द्वितीयसपना कुमारीनवादा479–

2. कला संकाय

स्थाननामजिला/स्कूलअंकप्रतिशत
प्रथमनिशु कुमारीयशवंत इंटर स्कूल, खिजरसराय (गया)47995.8%
द्वितीयसिद्धि शुक्लाप्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल, बथनाहा (सीतामढ़ी)478–
द्वितीयचंद्रदीप कुमारएमपीएचएस +2 हाई स्कूल, सुदामाडीह (लखीसराय)478–
द्वितीयमो. लकी अंसारीगवर्नमेंट इंटर कॉलेज, जिला स्कूल (पूर्णिया)478–

3. वाणिज्य संकाय

स्थाननामजिला/स्कूलअंकप्रतिशत
प्रथमअदिति कुमारीसेंट जेवियर्स हाई स्कूल (पटना)480–
द्वितीयमाही कुमारीकमला नेहरू बालिका उच्च विद्यालय, यारपुर (पटना)476–

तकनीकी नवाचार और रिकॉर्ड मूल्यांकन

बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने जानकारी दी कि इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी का उपयोग किया गया। मूल्यांकन का कार्य रिकॉर्ड 25 दिनों के भीतर पूरा कर लिया गया। समिति को इसके आधुनिक कामकाज के लिए तीन अलग-अलग ISO प्रमाणपत्र भी मिले हैं, जो देश के किसी भी बोर्ड के लिए एक दुर्लभ उपलब्धि है।

असफल छात्रों के लिए शिक्षा मंत्री की मार्मिक अपील

परिणामों की घोषणा के दौरान शिक्षा मंत्री ने उन छात्रों को ढांढस बंधाया जो सफल नहीं हो सके। उन्होंने कहा, “एक परीक्षा परिणाम जीवन का फैसला नहीं करता। जो छात्र अच्छा नहीं कर पाए, उनके अभिभावकों से अपील है कि उन्हें प्रोत्साहित करें। किसी भी प्रकार के तनाव या गलत कदम से बचें। बोर्ड आपको सुधार के लिए पुनः अवसर दे रहा है।”

स्क्रूटनी और कंपार्टमेंटल परीक्षा का शेड्यूल

जो छात्र अपने अंकों से असंतुष्ट हैं या फेल हो गए हैं, उनके लिए बोर्ड ने तुरंत राहत दी है:

  • ऑनलाइन आवेदन की तिथि: 25 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक।
  • विकल्प: छात्र स्क्रूटनी (कॉपी री-चेकिंग) या विशेष सह-कंपार्टमेंटल परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।

रिजल्ट यहाँ देखें

भारी ट्रैफिक से बचने के लिए बोर्ड ने दो पोर्टल सक्रिय किए हैं:

  1. https://interbiharboard.com
  2. https://www.bsebexam.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here