पटना | मुख्य संवाददाता आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने राज्य में सरकारी योजनाओं की निविदा (टेंडर) प्रक्रिया में होने वाली अनियमितताओं और भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के लिए कमर कस ली है। पुलिस मुख्यालय स्थित सरदार पटेल भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में EOU के पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि निविदा आमंत्रण और निष्पादन में मिल रही गड़बड़ी की शिकायतों को देखते हुए 5 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन कर दोषियों पर सीधी कार्रवाई करेगी।

यूट्यूब से प्रश्नपत्र लीक करने वाला ‘जन्नत भैया‘ गिरफ्तार
परीक्षा शाखा की उपलब्धियों का विवरण देते हुए एसपी ने बताया कि SCERT बिहार द्वारा आयोजित कक्षा 3 से 8 तक की परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक करने वाले मुख्य आरोपी सरफराज शाहिद उर्फ जन्नत भैया को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ‘Point of Study’ नामक यूट्यूब चैनल चलाता था, जहाँ वह सदस्यों से UPI और QR कोड के माध्यम से पैसे लेकर परीक्षा से पहले हल किए गए प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था।
भ्रष्ट कार्यपालक अभियंता पर शिकंजा, मिली अकूत संपत्ति
आय से अधिक संपत्ति (DA) के मामले में NBPDCL के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार रजक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में उनके पास आय से 62.66% अधिक संपत्ति पाई गई। छापेमारी के दौरान सात ठिकानों से जमीन के दस्तावेज, जेवरात और नकद बरामद हुए हैं। जांच में उनकी संपत्तियों के तार नेपाल से भी जुड़े होने के प्रमाण मिले हैं।
खनन सॉफ्टवेयर में सेंधमारी, सरकार को 350 करोड़ का चूना
EOU ने एक बड़े साइबर घोटाले का पर्दाफाश किया है। खनन विभाग में प्रतिनियुक्त NIC पदाधिकारियों की मिलीभगत से 17 जिलों के लाइसेंसधारियों ने सॉफ्टवेयर के ‘OTP ऑथेंटिकेशन’ को बाईपास कर अवैध खनन को अंजाम दिया। इससे राज्य सरकार को करीब 350 करोड़ रुपये के राजस्व की क्षति हुई है। इस संबंध में साइबर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धियां:
- PMLA के तहत कार्रवाई: EOU ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को दो मामले भेजे हैं, जिसमें लगभग 21 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने की अनुशंसा की गई है।
- बैंक गबन: आवामी और वैशाली कोऑपरेटिव बैंक में 101 करोड़ रुपये के गबन मामले में संतोष कुमार (BSNL कर्मी) को गिरफ्तार किया गया है।
- 12 साल बाद गिरफ्तारी: डाक विभाग और बैंक धोखाधड़ी के पुराने मामले में फरार सब-पोस्टमास्टर चंद्रशेखर सिंह को 12 साल बाद दबोचा गया।
- GST चोरी: फर्जी ई-वे बिल के जरिए कोयला मंगाकर सरकार को 80 लाख का चूना लगाने वाले गिरोह के अंतिम आरोपी संतोष कुमार को सिवान से गिरफ्तार किया गया।
“EOU हर उस क्षेत्र पर नजर रख रही है जहाँ जनधन की लूट हो रही है। चाहे वह निविदाओं में सिंडिकेट हो या डिजिटल माध्यम से प्रश्नपत्रों का अवैध कारोबार, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।” — पंकज कुमार, एसपी, EOU



