समस्तीपुर | 25 जनवरी 2026 नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 और 40 के आधा दर्जन मुहल्लों में विकास कार्य आम लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। नाला और सड़क निर्माण के नाम पर जेसीबी से गड्ढे खोदकर ठेकेदार पिछले 6 महीनों से गायब है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो गया है।

जांच टीम ने लिया जायजा, भ्रष्टाचार का आरोप
स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बाद रविवार को भाकपा माले की एक जांच टीम निर्माण स्थल पर पहुंची। जिला स्थाई समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में दीनबंधु प्रसाद और जीतेंद्र कुमार ने वार्ड संख्या 40 के गली नंबर 3B, नक्कू स्थान और वार्ड संख्या 34 के शांति विहार व सरोजिनी गली का दौरा किया। टीम ने पाया कि खुदाई के कारण सड़कों की स्थिति जर्जर है और लोग आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।

न बोर्ड, न जानकारी: अंधेरे में जनता
जांच टीम ने निर्माण कार्य में पारदर्शिता के अभाव पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि:
- किसी भी निर्माण स्थल पर प्राक्कलन (Estimate) बोर्ड नहीं लगाया गया है।
- जनता को यह तक नहीं पता कि सड़क और नाला RCC बनेगा या PCC।
- कार्य शुरू होने, समाप्ति की तिथि और बजट की कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं है।
- निर्माण सामग्री (ईंट, बालू, सीमेंट) की गुणवत्ता बेहद घटिया है।
“नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि कमीशनखोरी में व्यस्त हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद जेई और आयुक्त इस गंभीर समस्या पर मौन साधे हुए हैं।” — सुरेंद्र प्रसाद सिंह, नेता, भाकपा माले

15 दिनों का अल्टीमेटम
भाकपा माले ने नगर निगम प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर रुका हुआ निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर पूरा नहीं किया गया, तो पार्टी स्थानीय मुहल्लेवासियों के साथ मिलकर नगर निगम का घेराव करेगी और उग्र आंदोलन व सड़क जाम को बाध्य होगी।



