नगर पार्षद ने कहा- हाशिए पर खड़े परिवारों के लिए वरदान साबित होगा नि:शुल्क केंद्र

सरायरंजन, समस्तीपुर। 9 फरवरी, 2026 संवाददाता

सरायरंजन प्रखंड के किसनपुर यूसुफ पंचायत स्थित वार्ड संख्या 14 की दलित बस्ती में सोमवार को उम्मीदों का नया सवेरा हुआ। जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र (अख्तियारपुर) और अंतर्राष्ट्रीय संस्था क्राई-चाइल्ड राइट्स एंड यू (CRY) के साझा प्रयासों से यहाँ एक नि:शुल्क सामुदायिक बालिका शिक्षा केंद्र का उद्घाटन किया गया। यह केंद्र विशेष रूप से उन बालिकाओं को समर्पित है, जो किन्हीं कारणों से मुख्यधारा की शिक्षा से दूर रह गई हैं।

भव्य उद्घाटन और दीप प्रज्वलन

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सरायरंजन नगर पंचायत की मुख्य पार्षद पूजा कुमारी, वार्ड सदस्य गौतम कुमार पासवान, उप सरपंच पवन कुमार झा, ‘पैरवी’ नई दिल्ली की जिला संयोजक विभा कुमारी और अवकाश प्राप्त शिक्षक कमल पासवान द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से इस पहल का स्वागत किया।

नगर पंचायत में विस्तार की मांग

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य पार्षद पूजा कुमारी ने संस्था के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि आज भी समाज का एक बड़ा हिस्सा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से कोसों दूर है। उन्होंने संस्था के प्रतिनिधियों से आग्रह करते हुए कहा, “नगर पंचायत सरायरंजन के अंतर्गत ऐसे कई टोले हैं, जहाँ दलित और महादलित समुदाय के गरीब बच्चे, विशेषकर बालिकाएं शिक्षा के अधिकार से वंचित हैं। मेरी मांग है कि संस्था अपनी सेवाओं का विस्तार करें और उन चिन्हित टोलों में भी शिक्षा केंद्र खोले ताकि कोई भी बेटी निरक्षर न रहे।”

शिक्षा: सामाजिक बदलाव का सशक्त माध्यम

विशिष्ट अतिथि और नई दिल्ली से आईं जिला संयोजक विभा कुमारी ने कहा कि शिक्षा केवल अक्षर ज्ञान नहीं, बल्कि आत्मसम्मान से जीने का जरिया है। जीविका की अजीना प्रवीण और प्रधानाचार्य मोहम्मद गुफरान ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को घरेलू कामों के बोझ से मुक्त कर प्रतिदिन केंद्र भेजें। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब एक बेटी पढ़ती है, तो दो परिवारों का भविष्य संवरता है।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम की अध्यक्षता अवकाश प्राप्त शिक्षक कमल पासवान ने की, जबकि मंच संचालन दिनेश प्रसाद चौरसिया ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर संस्था की सीनियर रिसर्च कंसल्टेंट किरण कुमारी, ललिता कुमारी, रविंद्र पासवान और बलराम चौरसिया ने केंद्र की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला।

समारोह में रामप्रीत चौरसिया, पंच सदस्य शांति देवी, अर्जुन पासवान, पंच सदस्य माया कुमारी, सामुदायिक शिक्षक अमित कुमार राम और शिक्षक विनोद कुमार ने भी अपने विचार रखे। स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अंजू गुप्ता, सेविका मीना कुमारी और महेसरी पासवान सहित दर्जनों ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

बस्ती में उत्साह का माहौल

केंद्र के खुलने से दलित बस्ती के परिवारों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सामुदायिक शिक्षक अमित कुमार राम ने बताया कि यह केंद्र केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहाँ बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, उनके स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर भी काम किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here