केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी, प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री का पुतला फूंका,
मुजफ्फरपुर | निज प्रतिनिधि केंद्र सरकार की नीतियों और रसोई गैस (एलपीजी) की भारी किल्लत के खिलाफ मंगलवार को मुजफ्फरपुर की सड़कों पर जबरदस्त जनाक्रोश देखने को मिला। जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में आयोजित विरोध प्रदर्शन ने शहर के व्यस्ततम इलाके सरैयागंज टावर चौक को राजनीतिक सरगर्मी का केंद्र बना दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने न केवल केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का संयुक्त पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।

आम आदमी के चूल्हे पर संकट: अरविन्द मुकुल
प्रदर्शन की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अरविन्द कुमार मुकुल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज जिले में गैस सिलेंडरों की ऐसी किल्लत है कि आम आदमी को एक रिफिल के लिए हफ्तों इंतजार करना पड़ रहा है। मुकुल ने कहा, “सरकार ‘उज्ज्वला‘ का ढोल पीट रही है, लेकिन हकीकत यह है कि आज गरीब और मध्यम वर्ग के घरों की रसोई की आग बुझने की कगार पर है। गैस की कमी और आसमान छूती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।”
विपक्ष की हुंकार: पूर्व विधायक और दिग्गजों का जमावड़ा
पूर्व विधायक बिजेंद्र चौधरी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह सरकार जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के बजाय केवल इवेंट मैनेजमेंट में व्यस्त है। वहीं, सकरा (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस महागठबंधन के पूर्व प्रत्याशी उमेश कुमार राम ने दलित और पिछड़े समाज की पीड़ा को रखते हुए कहा कि गैस की किल्लत ने सबसे ज्यादा प्रहार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति पर किया है।
महिलाओं और युवाओं ने भी भरी हुंकार
विरोध प्रदर्शन में जुही प्रीतम और मयंक कुमार मुन्ना के नेतृत्व में युवाओं और महिलाओं की टोली ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। नेताओं ने स्पष्ट किया कि गैस की यह कमी कृत्रिम है या प्रबंधन की विफलता, इसका जवाब केंद्र सरकार को देना होगा।

ये प्रमुख चेहरे रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से कृपाशंकर शाही, मुजकीर रहमान, अधिवक्ता मनोज कुमार सिंह, ललित यादव, त्रिभुवन पटेल और प्रशांत राज ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके साथ ही केदार पटेल, डॉ. मनीष यादव, मो. हैदर रजक, नुनू राय, रामबाबू साह, मो. आलम गिर और राम इकबाल राय समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए।
चेतावनी: नहीं सुधरे हालात तो होगा जेल भरो आंदोलन
कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन और केंद्र सरकार को दो टूक चेतावनी दी कि यदि अगले एक सप्ताह के भीतर गैस की आपूर्ति सुचारू नहीं की गई और कालाबाजारी पर रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क जाम करेंगे और ‘जेल भरो आंदोलन’ की शुरुआत करेंगे। पुतला दहन के बाद कार्यकर्ताओं ने सरैयागंज टावर के चारों ओर भ्रमण कर जनता से इस लड़ाई में साथ देने की अपील की।



