मुजफ्फरपुर | कार्यालय संवाददाता बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को पुलिस ने शराब की एक बड़ी खेप को नष्ट कर दिया।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में विनष्टीकरण
आज दिनांक 29 मार्च, 2026 को सकरा थाना परिसर में भारी मात्रा में जब्त शराब का विनष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई तैनात मजिस्ट्रेट, उत्पाद विभाग के अधिकारियों और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त निगरानी में पूरी की गई।

विभिन्न कांडों में जब्त थी शराब
पुलिस के अनुसार, नष्ट की गई शराब विभिन्न छापेमारी और कार्रवाई के दौरान जब्त की गई थी। कुल 1450 लीटर अवैध विदेशी और देशी शराब को जमीन पर फैलाकर जेसीबी (JCB) के जरिए पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
“जिले में शराब के अवैध कारोबार और सेवन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि जिले को नशामुक्त बनाया जा सके।”— पुलिस प्रशासन




