महीने भर से ठप जलापूर्ति पर भड़कीं महिलाएं, नगर परिषद कार्यालय में जमकर नारेबाजी

0
8

दो दिनों में सबमर्सिबल ठीक नहीं हुआ तो 12 को होगा चक्का जाम: सुरेंद्र सिंह

ताजपुर (समस्तीपुर) | 9 फरवरी 2026 ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 27, ब्रह्मस्थान में पिछले एक महीने से जलापूर्ति ठप रहने से नाराज महिलाओं का धैर्य सोमवार को जवाब दे गया। पानी की किल्लत से जूझ रही दर्जनों महिलाएं अपनी फरियाद लेकर नगर परिषद कार्यालय पहुंचीं। कार्यपालक पदाधिकारी जुल्फेकार अली प्यामी के कार्यालय में मौजूद न रहने पर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कार्यालय के समक्ष खड़े होकर जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।

नेताओं के हस्तक्षेप के बाद बनी बात : हंगामे की सूचना मिलते ही भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, राजद नेता दीपक यादव और वार्ड पार्षद अशोक राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित महिलाओं की समस्याओं को सुना और कार्यालय के कर्मियों के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। अधिकारियों ने गंभीरता दिखाते हुए आश्वासन दिया कि अगले दो दिनों के भीतर खराब सबमर्सिबल की मरम्मत करा दी जाएगी या नया सबमर्सिबल लगाकर जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

माले ने दी चक्का जाम की चेतावनी: मौके पर मौजूद भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने प्रशासन को कड़े लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने कहा, यदि दो दिनों के अंदर जलापूर्ति शुरू नहीं की गई, तो 12 फरवरी को भाकपा माले के बैनर तले चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा।”

प्रदर्शन में ये रहीं शामिल प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में मुख्य रूप से अनीता कुमारी, मीरा कुमारी, अनूपी कुमारी, भोली देवी, रीना देवी, पूनम देवी सहित वार्ड की कई अन्य महिलाएं उपस्थित थीं। महिलाओं का कहना है कि एक महीने से पानी के लिए उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है, जिससे उनका दैनिक जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here