कल्याणपुर (समस्तीपुर): भाकपा माले के आगामी जिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने और सफल संचालन के उद्देश्य से शनिवार को वासुदेवपुर में जिला कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पार्टी का दो दिवसीय जिला सम्मेलन आगामी 18 और 19 अप्रैल को कल्याणपुर के वीरसिंहपुर स्थित चंदा विवाह भवन में आयोजित होगा।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बनी रणनीति

जिला सचिव उमेश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सांगठनिक मजबूती और सम्मेलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से पर्यवेक्षक के तौर पर पोलित ब्यूरो सदस्य सह मिथिलांचल प्रभारी धीरेंद्र झा, राज्य सचिव कुणाल, केंद्रीय कमिटी सदस्य मंजू प्रकाश और राज्य कमिटी सदस्य बंदना सिंह उपस्थित रहीं।

जन मुद्दों को धार देगा यह सम्मेलन: का० कुणाल

बैठक को संबोधित करते हुए राज्य सचिव का० कुणाल ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पार्टी संगठन को वैचारिक रूप से मजबूत करने और जन मुद्दों को धार देने का एक सशक्त माध्यम है। इसके जरिए आगामी राजनीतिक रणनीति तय की जाएगी। वहीं, धीरेंद्र झा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सम्मेलन की सफलता के लिए पूरी ताकत झोंक दें। उन्होंने गांव-गांव जाकर हर शाखा, पंचायत और प्रखंड स्तर पर कार्यकर्ताओं को जागरूक करने तथा प्रतिनिधियों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सम्मेलन से पहले चलेगा जनसंपर्क अभियान

बैठक में तय किया गया कि सम्मेलन से पूर्व विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता की बुनियादी समस्याओं को समझना और उन्हें सम्मेलन के एजेंडे में प्रमुखता से शामिल करना है।

बैठक में ये रहे मौजूद:  बैठक में दिनेश कुमार, जीबछ पासवान, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, अमित कुमार, ललन कुमार, अजय कुमार, महावीर पोद्दार, फूलबाबू सिंह, रंजीत राम, आसिफ होदा, खुर्शीद खैर, हरिकांत झा, महेश कुमार, फिरोजा बेगम, गंगा प्रसाद पासवान, रामचंद्र पासवान, जयंत कुमार, रौशन कुमार, सुनील कुमार और लोकेश कुमार सहित जिला कमिटी के कई सदस्यों ने अपने विचार साझा किए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here