ताजपुर/समस्तीपुर | 12 फरवरी 2026

संयुक्त श्रम-किसान-मजदूर संगठनों के आह्वान पर गुरुवार को देशव्यापी आम हड़ताल का ताजपुर प्रखंड में व्यापक असर देखा गया। अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में ताजपुर के  किसान, मजदूर और कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने ताजपुर गांधी चौक से एक जुलूस निकालकर पूरे बाजार क्षेत्र का भ्रमण किया और अंत में प्रखंड मुख्यालय चौक पर जोरदार प्रदर्शन व सभा की।

विशाल जुलूस और प्रदर्शन

गुरुवार की सुबह भाकपा माले, भाकपा और एसयूसीआई (C) से जुड़े कार्यकर्ताओं का जुटान स्थानीय गांधी चौक पर हुआ। प्रदर्शनकारी अपने हाथों में पार्टी के झंडे, बैनर और सरकार विरोधी नारों लिखी तख्तियां लिए हुए थे। जुलूस में ‘ट्रेड डील रद्द करो’, ‘चारों श्रम कोड वापस लो’ और ‘किसानों को एमएसपी (MSP) दो’ जैसे नारे गूंज रहे थे। बाजार भ्रमण करते हुए जुलूस प्रखंड मुख्यालय के राजधानी चौक पहुंचा, जहां केंद्र व राज्य सरकार के किसान-मजदूर विरोधी रवैये के खिलाफ जमकर आक्रोश प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता सड़क किनारे धरने पर बैठ गए।

सभा की अध्यक्षता और संचालन

सभा की अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, भाकपा अंचल सचिव रामप्रीत पासवान और एसयूसीआई के जिला संयोजक चंद्रशेखर राय ने संयुक्त रूप से की। वहीं, सभा का सफल संचालन भाकपा के रामबृक्ष राय, किसान महासभा के ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह एवं खेग्रामस के प्रभात रंजन गुप्ता ने किया।

नेताओं ने बुलंद की मांगें

अपने अध्यक्षीय संबोधन में माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि आंदोलनकारी पुरानी पेंशन योजना बहाली, निजीकरण पर रोक, श्रमिकों की योजनाओं में धांधली बंद करने, दैनिक मजदूरी 700 रुपये करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही, तिरहुत नहर परियोजना में अधिग्रहित जमीन एवं मकान का वर्तमान सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा, आशा-रसोईया, सेविका-सहायिका और आपदा मित्रों को राज्य कर्मचारी घोषित करने एवं मानदेय 21,000 रुपये करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

भाकपा के रामप्रीत पासवान ने कहा कि काम के घंटे 8 से बढ़ाकर 12 करने वाले और यूनियन बनाने का अधिकार खत्म करने वाले मजदूर विरोधी चार श्रम कोड स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

एसयूसीआई के चंद्रशेखर राय ने इस ऐतिहासिक हड़ताल को सफल बनाने के लिए ताजपुर वासियों का आभार व्यक्त किया।

इन्होंने किया संबोधित और दी उपस्थिति : सभा को संबोधित करने वालों में भाकपा के मो० अलाउद्दीन, मनोज राय, राजेश कुमार, गीता देवी, नगीना राम, एसयूसीआई के पलटन साह, लाल बाबू राय, उपेंद्र राय, फूलो राय, रौशन कुमार, परमेश्वर राय, लाल बहादुर राय, रामेश्वर राय, मो० फूलहसन शामिल थे।

भाकपा माले की ओर से आसिफ होदा, शंकर महतो, मो० एजाज, राजदेव प्रसाद सिंह, मुंशीलाल राय, मुकेश कुमार गुप्ता, मो० गुलाब, मोतीलाल सिंह, महावीर सिंह, मो० अबुबकर, अरविंद कुमार, संजय कुमार सिंह, शत्रुघन सिंह ने सभा को संबोधित किया।

इसके अतिरिक्त, बिहार राज्य आशा संघ की सविता सिंह, रंजू कुमारी, शोभा कुमारी, गीता देवी, मंजू देवी, अनीता कुमारी, सविता कुमारी, विंदू कुमारी और बिहार राज्य विद्यालय रसोइया संघ की शिव कुमारी देवी, गिरजा देवी ने भी अपनी मांगों के समर्थन में सभा को संबोधित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here